एशिया कप 2023 के हाइब्रिड मॉडल को नकारने वाले जका अशरफ पर ACC ने ली चुटकी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के नए अध्यक्ष बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे जका अशरफ (Zaka Ashraf) ने एशिया कप 2023 के हाइब्रिड मॉडल को लेकर अपना विरोध जताया है और कहा है कि सभी मैच पाकिस्तान में ही होने चाहिए।
लेकिन एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के सूत्रों के अनुसार एशिया कप का हाइब्रिड मॉडल एसीसी द्वारा स्वीकार कर लिया गया है, बाकी अब अशरफ कुछ भी कहने के लिए आजाद हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।

2008 के बाद से पहली बार एशिया कप का मेजबान पाकिस्तान है लेकिन भारतीय टीम ने पाक जाने से इंकार दिया था, जिसके बाद एक ऐसा मॉडल लाया गया कि पाकिस्तान टीम तो अपने मैच अपनी धरती पर खेलेगी, लेकिन बाकी मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। इस मॉडल को हाइब्रिड कहा गया और एसीसी चीफ जय शाह की अध्यक्षता में इसको स्वीकार किया गया।
पीटीआई के अनुसार एसीसी बोर्ड के एक मेंबर का कहना है कि यह मॉडल काउंसिल द्वारा स्वीकार कर लिया गया है और अब कोई बदलाव नहीं होगा। अशरफ को जो कहना है, वे कहते रहें। इससे पहले आईसीसी ने पाकिस्तान द्वारा वर्ल्ड कप 2023 की कुछ जगहों में तब्दीली करने की मांग को भी ठुकरा दिया गया है।
वैसे अशरफ जिस रुख पर कायम हैं उसके हिसाब से वे पीसीबी चीफ बनते हैं तो बीसीसीआई के साथ गतिरोध होना तय है। ये वही अशरफ हैं जो तब पीसीबी चीफ थे जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने 2012 में भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेली थी। फिलहाल अशरफ ने ज्यादा टीका-टिप्पणी करने से इंकार किया है। वे कुर्सी संभालने का इंतजार कर रहे हैं।
एशिया कप में पाकिस्तान और भारत फाइनल में पहुंच जाती हैं तो दोनों टीमों के बीच 3 बार मुकाबला हो जाएगा। वर्ल्ड कप में भी दोनों को एक ग्रुप में रखा गया है। वर्ल्ड कप 2023 भारत में अक्टूबर-नवंबर में होने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications