क्या धोनी की तरह बेहतरीन फिनिशर बन सकते हैं रोहित शर्मा? जानिए आकाश चोपड़ा का जवाब
Aakash Chopra on Rohit Sharma: रोहित शर्मा को लेकर इन दिनों कई तरह की बातें हो रही है। कुछ पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि रोहित शर्मा को अब टीम के लिए लो-ऑर्डर में आकर बल्लेबाजी करनी चाहिए।

Aakash Chopra on Rohit Sharma: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले से बाहर हो गए हैं। चोट के कारण रोहित शर्मा पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में केएल राहुल को टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं चेतेश्वर पुजारा टीम के लिए उपकप्तानी का रोल निभाएंगे। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि रोहित दूसरे टेस्ट के दौरान टीम में वापसी कर सकते हैं।

क्या रोहित बन सकते हैं टीम के फिनिशर
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में नंबर 9 पर आकर रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की थी। रोहित ने इस मुकाबले में भारत को जीत के काफी करीब पहुंचा दिया था। इसके बाद से ही उन्हें क्रिकेट के कई दिग्गज फिनिशर के रूप में देख रहे हैं। लेकिन पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा रोहित शर्मा को वनडे क्रिकेट में फिनिशर के रूप में खेलने के पक्ष में नहीं हैं। वह चाहते हैं कि रोहित टीम के लिए ओपनिंग ही करते रहे।

आकाश चोपड़ा ने कही यह बात
अपने यू-ट्यूब चैनल पर जब आकाश चोपड़ा से पूछा गया कि क्या हम रोहित शर्मा को अगले साल के विश्व कप में भारत के लिए फिनिशर के रूप में देख सकते हैं। इस पर आकाश ने कहा कि मुझे पता है लोगों के बीच अभी इस बात की काफी चर्चाएं की जा रही है। हमारे पास फिनिशरों की थोड़ी कमी है, इसलिए रोहित को लेकर ऐसी बातें हो रही है। लेकिन मुझे नहीं लगता ऐसा करना सही होगा।

बतौर ओपनर रोहित करते हैं कमाल
आकाश चोपड़ा ने कहा कि वह रोहित शर्मा है, वह टीम का कप्तान है, एक सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलता है, जिस दिन वह खेलता है उसमें 150, 200 या 250 रन बनाने की काबिलित रहती है। मेरे लिए रोहित वनडे क्रिकेट में एक सलामी बल्लेबाज के रूप में ही बेस्ट हैं। रोहित ने वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर अपनी 228 पारियों में से 148 पारियां खेली हैं। इस दौरान उन्होंने 7436 रन बनाए हैं, जिसमें 27 शतक शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications