IND vs WI: भारत की अहमदाबाद में बड़ी जीत, वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से रौंदा
Aaj Ka Match Kon Jeeta: भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद टेस्ट का तीसरा दिन मेहमान टीम के लिए भारी पड़ा है, भारत के विशाल स्कोर के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में ताश के पत्तों की तरह बिखर गई, भारत ने यह मैच पारी के अंतर से जीत लिया।
टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 448 रनों के कुल स्कोर पर घोषित कर दी, इसके बाद वेस्टइंडीज के सामने पारी से हार बचाने की बड़ी चुनौती थी क्योंकि भारत ने 286 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी।

सिराज ने नई गेंद से बरपाया कहर
दूसरी पारी में बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज के ओपनर बल्लेबाज तेजनारायण चन्द्रपॉल अपना खाता भी नहीं खोल पाए, वह सिराज का शिकार बने। उनके अलावा दूसरे ओपनर जॉन कैम्पबेल को बुमराह ने ध्रुव जुरेल के हाथों 8 रनों के निजी स्कोर पर कैच करा दिया।
अथांजे और ब्रेंडन किंग ने क्रीज पर टिकने का प्रयास किया लेकिन इन दोनों को भी सिराज ने चलता किया। इस तरह विंडीज की कमर टूट गई। पहली पारी की तरह सिराज ने इस बार भी वेस्टइंडीज की बैटिंग लाइनअप को तहस-नहस कर दिया।
कप्तान रोस्टन चेज ने टीम को संभालने का प्रयास करते हुए इरादे दर्शाए लेकिन वह 24 के निजी स्कोर पर चलते बने, कुछ यही हाल शाई होप का भी रहा, वह 26 के स्कोर पर आउट हो गए। वेस्टइंडीज ने अपने 8 विकेट महज 98 के कुल स्कोर पर गंवा दिए।
जडेजा की फिरकी का चला जादू
इसके बाद अंतिम 2 विकेटों ने मिलकर 48 रन जोड़े लेकिन अंततः वेस्टइंडीज 146 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई। भारत ने पारी और 140 रनों के अंतर से मुकाबला अपने नाम करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरी पारी में जडेजा ने 4 और सिराज ने 3 विकेट अपने नाम किये।
तीन भारतीयों ने जड़े थे शतक
वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 162 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 5 विकेट पर 448 के स्कोर पर पारी घोषित की थी। भारतीय टीम के लिए केएल राहुल ध्रुव जुरेल और जडेजा ने शतकीय पारियां खेलते हुए धमाल मचा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications