थॉमस कप में भारत ने रचा इतिहास तो कायल हुए खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, बताया कितना मिलेगा इनाम
नई दिल्ली। थाईलैंड में खेले गये थॉमस कप में भारतीय बैडमिंटन टीम ने 14 बार की खिताबी चैम्पियन इंडोनेशिया को फाइनल में 3-0 से मात देकर इतिहास रच दिया है और 73 साल में पहली बार भारत को बैडमिंटन का विश्वकप कहे जाने वाले इस टूर्नामेंट में पहली जीत दिलाने का काम किया है। थॉमस कप में भारतीय बैडमिंटन टीम की जीत कई मायनों में खास है, यह भारत के लिये ठीक उसी तरह की जीत है जिस तरह से उसे 1983 के दौरान क्रिकेट विश्वकप में मिली थी। वहां पर भारत ने विश्व क्रिकेट पर दबदबा बना रही वेस्टइंडीज की टीम को फाइनल में मात देकर पहला विश्वकप का खिताब जीता था तो वहीं पर बैडमिंटन में भारत ने 14 बार की चैम्पियन इंडोनेशिया को 3-0 से मात देकर पहला थॉमस कप जीता है।

भारतीय बैडमिंटन के लिये यह जीत न सिर्फ ऐतिहासिक है बल्कि मील का पत्थर साबित होने वाली है क्योंकि इस जीत से पहले तक भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने निजी रूप से कई सारे कीर्तिमान हासिल किये थे लेकिन एक टीम के तौर पर कभी खिताब नहीं जीता था। यहां तक कि थॉमस कप के 73 साल के इतिहास में इससे पहले भारत सिर्फ एक बार (1979) ही सेमीफाइनल तक पहुंच सका था।
और पढ़ें: हैदराबाद को हरा कोलकाता ने जिंदा रखी प्लेऑफ की उम्मीदें, राम भरोसे हुई क्वालिफिकेशन की रेस
थॉमस कप इकलौता इवेंट है जिसमें हिस्सा लेने वाले देश टीम के तौर पर खेलते हैं, जहां पर नतीजा 5 मैच के इवेंट के आधार पर किया जाता है। इस दौरान 3 सिंगल्स, एक डबल्स और एक मिक्स्ड डबल्स मैच खेले जाते हैं और खिताब जीतने के लिये खिलाड़ियों को एक टीम के आधार पर जीत हासिल करनी होती है।
भारतीय बैडमिंटन ने पिछले साल ओलंपिक में मिली सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस टूर्नामेंट में इतिहास रच दिया और पहले 43 साल बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई तो वहीं पर सेमीफाइनल मुकाबले में डेनमार्क को हरा कर पिछली हार का बदला लिया और अंत में इंडोनेशियाई टीम की बादशाहत खत्म कर चीन, मलेशिया, जापान और डेनमार्क के बाद यह खिताब जीतने वाली छठी टीम बन गई है।
और पढ़ें: 'अगर उमरान ने तोड़ा मेरा रिकॉर्ड तो..' शोएब अख्तर ने बॉलिंग को लेकर भारतीय पेसर को दी बड़ी सलाह
भारतीय बैडमिंटन टीम की इस जीत से सारा देश खुश है और इस खुशी में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल हैं, जिन्होंने थॉमस कप में भारतीय टीम के इतिहास रचने पर अपनी बधाई देते हुए कैश इनाम देने का ऐलान किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर बधाई देते हुए लिखा,'भारतीय टीम ने 14 बार की चैम्पियन इंडोनेशिया को 3-0 से मात देकर अपना पहला थॉमस कप जीता है। भारतीय खेल के लिये यह ऐतिहासिक दिन है जिस पर हम सभी को गर्व है। भारत की इस अप्रत्याशित जीत के लिये खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जायेगा। भारतीय टीम को बधाई।'
गौरतलब है कि भारत ने थॉमस कप में अपना पहला खिताब जीतने के लिये पहले 5 बार की चैम्पियन मलेशिया को क्वार्टरफाइनल में हराया तो वहीं पर एक बार खिताब जीत चुकी डेनमार्क को सेमीफाइनल में मात दी तो वहीं पर फाइनल में 14 बार की चैम्पियन इंडोनेशिया को हरा कर खिताब अपने नाम किया। भारतीय बैडमिंटन के इतिहास में यह एक सुनहरे पन्ने की तरह है जो आने वाले समय में क्रिकेट की तरह इस खेल में भी क्रांतिकारी परिवर्तन लेकर आयेगा।












Click it and Unblock the Notifications