हैदराबाद को हरा कोलकाता ने जिंदा रखी प्लेऑफ की उम्मीदें, राम भरोसे हुई क्वालिफिकेशन की रेस
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 61वां मैच पुणे के एमसीए मैदान पर खेला गया जहां पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने करो या मरो के मैच में जीत हासिल कर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को इस अहम मैच में 54 रनों से मात दी और प्लेऑफ के समीकरण को पहले से ज्यादा रोमांचक बना दिया है। वहीं पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को इस लीग में 5 लगातार जीत हासिल करने के बाद लगातार पांचवी हार का सामना करना पड़ा है।

इस जीत के साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 12 अंक हासिल कर छठे पायदान पर कब्जा जमा लिया है और हैदराबाद की टीम 8वें पायदान पर काबिज हो गई है। केकेआर के लिये इस मैच में आंद्रे रसेल ने अपने दम पर जीत दिलाने का काम किया जिन्होंने पहले बल्ले से 28 गेंदों में नाबाद 49 रनों की पारी खेली और फिर गेंदबाजी में भी 3 विकेट चटका कर हैदराबाद को वापसी करने से रोका।
और पढ़ें: SRH vs KKR: हैदराबाद के लिये चमके उमरान-नटराजन, रसेल ने 7 गेंदों में 36 रन ठोंक पलटा मैच

जानें क्या है अब प्लेऑफ का समीकरण
प्लेऑफ की बात करें तो अभी तक सिर्फ गुजरात टाइटंस की टीम ने ही प्लेऑफ में क्वालिफाई किया है, वहीं पर लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम 16 अंक के साथ दूसरे पायदान पर काबिज है। लखनऊ की टीम को अपना अगला मुकाबला तीसरे नंबर पर काबिज राजस्थान रॉयल्स से खेलना है जिसमें जीत हासिल करने पर लखनऊ प्लेऑफ में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन जायेगी तो वहीं पर राजस्थान के जीतने पर उसके 16 अंक हो जायेंगे और वो क्वालिफाई करने वाली तीसरी टीम बन सकती है। चौथे पायदान के लिये पंजाब, दिल्ली, कोलकाता और हैदराबाद के बीच जंग रहेगी, जिसमें से फिलहाल पंजाब और दिल्ली के पास 16 अंक तक पहुंचने का मौका है और अगर ऐसा होता है तो कोलकाता और हैदराबाद दोनों ही टीमें बाहर हो जायेंगी। वहीं पर कोलकाता या फिर हैदराबाद की टीम को 14 अंक पर क्वालिफाई करने के लिये किस्मत का सहारा चाहिये होगा और फिलहाल उनकी नैया राम भरोसे है।

बल्लेबाजी में भी रसेल ने पार की केकेआर की नैया
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 177 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसमें आंद्रे रसेल (49), सैम बिलिंग्स (34), नितिश राणा (26) और अजिंक्य रहाणे (28) ने अहम पारियां खेली। वहीं पर रनों का पीछा करने उतरी हैदराबाद ने संभली हुई शुरुआत की और पहले विकेट के लिये 30 रन जोड़े। आंद्रे रसेल ने कप्तान केन विलियमसन (9) का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा तो वहीं पर टिम साउथी ने राहुल त्रिपाठी (9) का विकेट लेकर दूसरा झटका दिया।

रसेल-साउथी ने तोड़ी हैदराबाद की कमर
यहां पर एडेन मार्करम (32) और अभिषेक शर्मा (43) ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने अभिषेक का विकेट लेकर तीसरा झटका दिया तो वहीं पर निकोलस पूरन (2) सुनील नरेन का शिकार बनें। इसके बाद हैदराबाद की टीम नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाती रही और निर्धारित 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये आंद्रे रसेल (3 विकेट), टिम साउथी (23 रन दो विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की तो वहीं पर उमेश यादव, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लेकर अपनी टीम का भरपूर साथ दिया।












Click it and Unblock the Notifications