Sonbhadra News: बकरी को लेकर हुआ विवाद, बेटे ने हथौड़े से वार कर मां की हत्या की, फिर पेट्रोल डालकर लगा दी आग
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। सोनभद्र जनपद में बकरी को लेकर विवाद होने के बाद एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या करने के बाद कपड़े में लाश लपेटकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
घटना की जानकारी होने के बाद पड़ोसियों द्वारा 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की अधजली लाश को कब्जे में लेकर कार्रवाई कर रही है। वहीं आरोपी बेटा फरार है।

यह पूरा मामला सोनभद्र जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के बचरा गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव में 50 वर्षीय कमलेश देवी पत्नी स्वर्गीय सत्यनारायण अपने बेटे और बहू के साथ रहती हैं। उनके पति की 8 साल पहले मौत हो चुकी है।
कुछ समय से उन्होंने बकरा और बकरी पाल रखा है। उन्हें बकरियाें में से कुछ बकरियों को शुक्रवार को उनका बेटा किशुन बिहारी व्यापारी को बुलाकर बेचना चाहता था। व्यापारी के आने के बाद मां ने बकरियों को बेचने से इनकार कर दिया।
इस बात को लेकर शुक्रवार को मां बेटे में काफी कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद बेटा घर से चला गया था और देर शाम अपने घर वापस लौटा। बताया जा रहा है कि रात 8:00 बजे घर पहुंचने के बाद उसने अपनी मां को पीटना शुरू कर दिया।
हथौड़े से पीट-पीट कर मार डाला
पहले उसने लाठी डंडे से पिटाई की उसके बाद समीप में पड़े हथौड़े को उठाकर पीटने लगा। गंभीर चोट लगने के चलते उसकी मां कमलेश देवी की मौत हो गई। मां की मौत के बाद उसने मां की लाश को कपड़े में लपेटकर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने फोन करके पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद 112 वहां पहुंची और थाने पर सूचना दी। सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक अभय नाथ सिंह मौके पर पहुंचे। महिला की अधजली लाश को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार बेटे की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications