UP: सूखे से त्रस्त आदिवासियों ने किया ऐसा 'टोटका', IMD ने दी मूसलाधार बारिश की चेतावनी, लोग बोले- 'गजब हुआ'
UP Sonbhadra News: भीषण सूखे और बरसात ना होने के दौरान उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में आज भी ग्रामीणों आदिवासियों द्वारा इंद्र देव को खुश करने के लिए अलग-अलग टोटके किए जाते हैं। भले ही शिक्षित लोग इसे अंधविश्वास मानते हैं लेकिन आदिवासियों द्वारा आज भी इसे सत्य माना जाता है।
ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद से देखने को मिला है। बरसात न होने के चलते सोनभद्र जनपद में परेशान आदिवासियों द्वारा ऐसा टोटका किया गया जो अब चर्चा में बना हुआ है। आदिवासियों का कहना है कि उनके टोटके के चलते हैं बारिश प्रारंभ हुई है।

वहीं सोनभद्र व आसपास के जनपदों में भारी बारिश को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी सूचना में यह भी बताया गया है कि सोनभद्र व आसपास के जनपदों में आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी से रहने की सलाह दी गई है।
दरअसल, सोनभद्र जनपद के दुद्धी इलाके के अंतर्गत दुमहान गांव में आदिवासी लोग रहते हैं। मीडिया रिपोर्ट की माने तो बरसात न होने के चलते गांव सूखे के कगार पर पहुंच रहा था। ऐसे में ग्रामीणों द्वारा बरसात, फसलों की अच्छी पैदावार और इंद्र देवता को खुश करने के लिए शुक्रवार को मेंढक और मेंढकी की शादी कराई गई।
आदिवासियों द्वारा शुक्रवार को धूमधाम से मेंढक की बारात निकली और मेंढकी को पकड़कर रखने वाले किसान के घर पहुंची। इस दौरान आदिवासियों द्वारा पारंपरिक नृत्य किया गया और ढोल नगाड़े भी बजाए गए। बारात में काफी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
आदिवासी समाज में जिस तरह शादी होती है उसी विधि विधान से मेंढक और मेंढकी की शादी भी संपन्न कराई गई। आदिवासियों के धर्माचार्य अनिल पोया द्वारा मीडिया को बताया गया कि मंत्रोचार करने के साथ ही गोंडी रीति रिवाज से मेंढक और मेंढकी की शादी कराई गई।
शुक्रवार को सायं काल शादी संपन्न हो जाने के बाद किसानों द्वारा अच्छी बरसात की उम्मीद लगाई जा रही थी। इधर शनिवार शाम से सोनभद्र में बरसात प्रारंभ हो गई। बरसात प्रारंभ हो जाने पर आदिवासियों का कहना है कि उनके द्वारा किए गए टोटके के चलते ही बरसात हो रही है।
इतना ही नहीं शनिवार को देर शाम मौसम विभाग द्वारा सूचना जारी करते हुए बताया गया कि रविवार से मंगलवार तक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र सहित अन्य जनपदों में मूसलाधार बरसात हो सकती है और आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। ऐसे में अंधविश्वास पर भरोसा करने वाले आदिवासी लोगों का मानना है कि उनके द्वारा किए गए टोटके के चलते भगवान इंद्र खुश हो गए हैं और अच्छी बरसात कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications