यूपी चुनाव : PM मोदी ने सीतापुर में गिनाई योगी सरकार की उपलब्धियां, सपा-बसपा पर किया वार
सीतापुर, 16 फरवरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीतापुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2007 से 2017 के 10 सालों की सरकारों ने 2 लाख से भी कम सरकारी नौकरियां उत्तर प्रदेश के युवाओं को दी थी। वहीं, योगी आदित्यनाथ की सरकार के 5 साल के कार्यकाल में 4.5 लाख सरकारी नौकरियां मिली हैं। आप याद कीजिए कि घोर परिवारवादियों की सरकारों में कितने पापड़ बेलने के बाद नौकरियां मिलती थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार डबल शक्ति से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश और गरीब को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। गरीब, पिछड़े, दलित भाई-बहनों का सपना था कि उनके पास भी अपना घर हो। भाजपा सरकार ने 5 साल में राज्य में 34 लाख पक्के घर गरीबों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे कोरोना काल में हमारा एक बात पर ध्यान केंद्रित रहा कि किसी गरीब के घर में ऐसा दिन नहीं आना चाहिए ताकि घर का चूल्हा ना जला हो। गरीब के घर में किसी को भूखा सोना न पड़ इसके लिए हम जागते रहे हैं।
'यूपी में BJP सरकार होने का मतलब, बहनों-बेटियों की मनचलों से सुरक्षा'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार होने का मतलब है, दंगाराज, माफियाराज, गुंडाराज पर बराबर कंट्रोल। यूपी में भाजपा सरकार होने का मतलब है, पूजा-पर्वों को मनाने की खुली स्वतंत्रता। यूपी में भाजपा सरकार होने का मतलब है, बहनों-बेटियों की मनचलों से सुरक्षा। प्रधानमंत्री ने रविदास जयंती पर संत रविदास का जिक्र करते हुए भी विपक्षियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दशकों से संत रविदास जी के भक्त हर सरकार से इसकी मांग करते थे, लेकिन चुनाव आता था, लोग फोटो खिंचाकर निकल जाते थे। भाजपा सरकार वहां, संत रविदास जन्म स्थली विकास परियोजना पर भी तेजी से काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications