प्रधानमंत्री योजना का फॉर्म भरने के लिए ग्रामीणों से पैसे वसूल रहा यूपी का लेखपाल, वीडियो वायरल
Shahjahanpur news, शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लेखपाल प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना के नाम पर ग्रामीणों से पैसे वसूल रहा था जिसका ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद डीएम अमृत त्रिपाठी के आदेश पर आरोपी लेखपाल को निलंबित कर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

एक फॉर्म भरने का सौ रुपए ले रहा था लेखपाल
मामला थाना सिंधौली के ग्राम महासिर का है। यहां के लेखपाल सुशील कुमार ग्रामीणों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के फॉर्म भर रहे थे, लेकिन लेखपाल को पैसे का लालच आ गया और वह ग्रामीणों से एक फॉर्म का सौ रुपए मांगने लगा। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो लेखपाल ने फॉर्म भरने से इनकार कर दिया।

अधिकारियों तक पहुंचा वीडियो
इसके बाद ग्रामीणों ने भी सौ रुपए तो दिए, लेकिन पैसे देते हुए लेखपाल का वीडियो बना लिया। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते हुए आलाधिकारी तक पहुंच गया। इस मामले पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी लेखपाल को डीएम के आदेश पर तत्काल निलंबित कर दिया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी
एडीएम अमबरीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना के फॉर्म भरते वक्त लेखपाल का वीडियो वायरल हुआ है। तत्काल संज्ञान लेकर लेखपाल को निलंबित कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications