MP: BJP के बागी विधायक नारायण त्रिपाठी की कटी टिकट, सिंधिया पसंद पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी को बनाया उम्मीदवार
MP election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 39 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की है। दूसरी सूची में कई विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। सतना जिले की मैहर विधानसभा सीट से भाजपा के बागी विधायक नारायण त्रिपाठी को मौका नहीं मिला है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया की पसंद को भाजपा ने तरजीह देते हुए नारायण त्रिपाठी की जगह भाजपा ने श्रीकांत चतुर्वेदी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। नारायण त्रिपाठी ने अपनी खुद की पार्टी बनाई है लेकिन भाजपा ने अभी तक उन्हें निकाला नहीं था। नारायण त्रिपाठी लगातार भाजपा के खिलाफ बयान दे रहे थे। विंध्य प्रदेश की वो लंबे समय से मांग कर रहे थे।

भाजपा ने मैहर सीट से श्रीकांत चतुर्वेदी को प्रत्याशी बनाया है। श्रीकांत 2018 विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी थे और भाजपा उम्मीदवार नारायण त्रिपाठी से 2984 वोट से चुनाव हार गए थे।
श्रीकांत को 51893 और नारायण को 54877 मत मिले थे। नारायण के बागी तेवरों के चर्चा में आने के बाद श्रीकांत बीजेपी में शामिल हो गए थे। फिलहाल वे प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। माना जा रहा है कि इस बार भी उनका मुकाबला नारायण से ही होगा। हालांकि अब जब भारतीय जनता पार्टी ने नारायण के बीजेपी उम्मीदवार होने की संभावनाओं को खत्म कर दिया है। अभी तय नहीं है कि नारायण त्रिपाठी किस दल से चुनाव लड़ेंगे। उन्होने अपनी पार्टी विंध्य जनता पार्टी भी बना रखी है।
सतना जिला मुख्यालय की सबसे प्रतिष्ठा पूर्ण सतना विधानसभा सीट से भाजपा ने इस बार अपने सबसे बड़े चेहरे पर दांव लगाया है। सतना सीट से इस बार चार बार के सांसद गणेश सिंह भाजपा प्रत्याशी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications