Satna News: नागौद विधायक के ऐलान ने विंध्य की सियासत में मचा दिया हड़कंप, 12 घंटे बाद पार्टी का दिया हवाला
Satna News: मध्य प्रदेश के नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में विधायक नागौद विधानसभा क्षेत्र के रहिकवारा गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां विधायक ने ऐलान करते हुए कहा कि मैं अगला चुनाव नहीं लड़ रहा हूं। कह चुका हूं कि भैया मैं अब बुढ़ा हो गया हूं। मुझे आराम करने दो। पार्टी किसी युवा को प्रत्याशी बनाए। युवा विधायक बनेगा तो बीजेपी और मजबूत होगी।
दूसरे वीडियो में विधायक के सुर बदल गए। उचेहरा की सभा में विधायक अपने बयान से पलटते हुए बोले कि न मैं यह कहता हूं कि चुनाव लडूंगा और न यह कहता हूं कि नहीं लडूंगा। मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं, यह पार्टी निर्णय करेगी उसके आधार पर मैं निर्णय लूंगा। विधायक के वीडियो ने क्षेत्र की राजनीति में खलबली मचा दी है।

नागेंद्र सिंह की क्षेत्र के लोगों में अच्छी पकड़ है। इससे पहले भी उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। ऐसे में दूसरे दावेदार उत्साहित होकर तैयारी में जुटे थे। अब चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसे लेकर उनके द्वारा बार-बार बदले जा रहे बयान से भाजपा पदाधिकारी असमंजस में हैं।
वहीं विधायक की घोषणा के बाद राजनीतिक जानकार कई सियासी मायने निकाल रहे है। लोगों का कहना है कि नागौद विधायक का टिकट कटने वाला है। इसलिए पहले से घोषणा करते फिर रहे हैं। वहीं कई लोगों का कहना है कि दोबारा टिकट के लिए पार्टी पर दवाब बनाने की यह एक रणनीति है।
विधायक नागेन्द्र सिंह के चुनाव ना लड़ने की घोषणा के बाद बीजेपी से नागौद का अगला उम्मीदवार कौन होगा इसको लेकर राजनीति शुरू हो गई है। राजघराने से राजनीति में सक्रिय पशुपतेन्द्र सिंह को नागेन्द्र सिंह के वारिस के तौर पर क्षेत्र की जनता देख रही है।
विधायक नागेंद्र सिंह ने जिस तरीके से उम्र का हवाला देते हुए हुए अगला चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। उसके बाद विंध्य क्षेत्र के कई विधायकों पर 2023 के चुनाव को लेकर दबाव बढ़ना पक्का माना जा रहा है। रीवा के गुढ़ से विधायक नागेन्द्र सिंह तो नागौद विधायक से भी उम्र दराज है। वहीं त्यौंथर से विधायक श्यामलाल द्विवेदी की उम्र भी 75 वर्ष के आप पास है। ऐसे में इनके लिये टिकट को लेकर दबाव बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications