Satna News: पर्वतारोहियों ने केदारकांठा की सबसे ऊंची चोटी फतह की, 12500 फीट पर फहराया तिरंगा
Satna News: कहते हैं, जब हौसला बना लिया ऊंची उड़ान का.. फिर देखना फिजूल है कद आसमान का। कुछ ऐसे ही मजबूत इरादों के साथ निकले मध्य प्रदेश के तीन लोगों ने उत्तराखंड में सबसे ऊंची चोटी को फतह करने में कामयाबी हासिल की है।
एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही और विक्रम अवॉर्डी रत्नेश पांडेय के नेतृत्व में सतना के तीन युवा सुमन्त सिंह, अभिषेक सिंह और अंजली पांडेय ने माउंटेन क्लाइम्बिंग के क्षेत्र में अपना लोहा मनवाते हुए उत्तराखंड केदारकंठा ट्रेक पर 12,500 फुट की ऊंचाई पर भारत का तिरंगा फहराने का रिकॉर्ड बनाया है।

विक्रम अवार्डी रत्नेश पांडेय के जानकारी मुताबिक भारत में सबसे अच्छे शीतकालीन ट्रैक में से एक केदारकंठा है। इस ट्रैकिंग पीक की चढ़ाई कठिन है। यह अभियान 23 मार्च से शुरू होकर 31 मार्च तक चला। यह ट्रैक उन सभी साहसिक खेल प्रेमियों के लिए है जो बर्फ और ऊंचे पहाड़ों में रुचि रखते हैं।
सभी ट्रैकर्स को चढ़ाई के अंतिम पड़ाव में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा जहां चढ़ाई लगभग खड़ी थी और ख़राब मौसम के कारण बर्फबारी भी हुई थी। लेकिन ट्रैकिंग दल के सदस्यों के जोश, उत्साह और उमंग की राह में मौसम भी बाधा नहीं बन पाया। इन सभी ने पर्वत शिखर पर पहुंच कर तिरंगा लहराया और राष्ट्रगान गाया।

रत्नेश के मुताबिक सतना के युवाओं को पर्वतारोहण की ट्रेनिंग देकर इन प्रतिभागियों के माध्यम से सफल पर्वतारोहण करा कर साहसिक खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास रत्नेश पांडेय फाउंडेशन कर रहा है। यह आरोहण अवसाद (डिप्रेशन) के खिलाफ मानसिक तौर पर मज़बूत रहने के संदेश के साथ किया गया।
जानकारी अनुसार केदारकंठा ट्रैक उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले की सांकरी तहसील से शुरू होता है जो भारत के सबसे अच्छे ट्रैकिंग स्थानों में से एक है। केदारकंठा ट्रैक का मुख्य आकर्षण सुंदर कैंप साइट, बर्फ से ढके देवदार के जंगल, पहाड़ों का 360 डिग्री दृश्य और हिमालय की चोटियों में से एक के शीर्ष पर खड़े होने का मौका है।












Click it and Unblock the Notifications