Chitrakoot News: चित्रकूट के कामतानाथ मंदिर पहुंचे जेपी नड्डा, CM शिवराज और ज्योतिरादित्य के साथ की पूजा
Jan Ashirwad Yatra: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 3 सितंबर की दोपहर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बीडी शर्मा के साथ धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने भगवान कामदनाथ मंदिर में माथा टेका। विधि विधान के साथ पूजन किया और आरती उतारी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मिचकुरिन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
मध्य प्रदेश चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में मझगवां के ग्राम मिचकुरिन से जन आशीर्वाद यात्रा रवाना करने के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन हुआ है। वह अपने निर्धारित कार्यक्रम से 1 घंटे देरी से चित्रकूट पहुंचे। दोपहर 12 बजे उनका हेलीकॉप्टर डीआरआई के आरोग्यधाम परिसर में उतरा। बीजेपी अध्यक्ष मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ कामदनाथ प्राचीन मुखारविंद पहुंचे।

यहां पर पहले से ही पूजा अर्चन की तैयारी कर ली गई थी। उनके पहुंचते ही वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कराया गया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत सभी ने पूजा अर्चन के बाद आरती उतारी। फिर वह कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए।
इसके पहले उन्होंने आरोग्यधाम परिसर में राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमा में पुष्पांजलि कर उनको नमन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी कहा समाज सेवा में नाना जी का अहम योगदान रहा है। इस क्षेत्र के लिए उन्होंने बहुत कुछ किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश के अलावा अन्य केंद्रीय मंत्रियों के कार्यक्रम को देखते हुए मध्य प्रदेश प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद किया था। करीब 30 मिनट के लिए परिक्रमा मार्ग रोकना पड़ा। सुरक्षा को देखते हुए कई जगह बैरियर लगाकर पुलिस बल लगाया गया।












Click it and Unblock the Notifications