UP News: बेटे संग काशी दर्शन की उम्मीद रह गई अधूरी, भदोही में दर्दनाक हादसा, बेटे की मौत, पिता घायल
UP News: यूपी के भदोही जनपद में लालानगर टोल प्लाजा के समीप रविवार सुबह में दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में कार में सवार बेटे की मौत हो गई, वहीं पिता घायल है। घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है। बेटे का शव कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी है।
बताया जा रहा है कि कानपुर जनपद के स्वरूपर नगर के रहने वाले 50 वर्षीय स्वर्णजीत सिंह अपने बेटे 29 वर्षीय राज गांधी के साथ कार से काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन के लिए आ रहे थे। रविवार सुबह में पिता पुत्र भदोही पहुंचे। भदोही के लालानगर टोल प्लाजा पर पहुंचने के बाद पता चला कि फास्टैग में बैलेंस नहीं है।

उसके बाद कार को रोक कर पिता पुत्र फास्टैग रिचार्ज करने लगे। इसी दौरान प्रयागराज से वाराणसी की तरफ आ रहे एक आलू लदे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दिया। टक्कर लगने के बाद राज गांधी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्वर्णजीत भी घायल हो गए। हादसे के बाद टोल कर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दिया।
सूचना मिलने के बाद वहां पहुंची पुलिस मृत बेटे राज गांधी के शव को कब्जे में ले लिया तथा घायल स्वर्णजीत सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतक दो भाईयों में सबसे बड़ा था और कानपुर में अपना खुद का कारोबार करता था।
पुलिस द्वारा बताया गया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना देने के साथ ही पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी चल रही है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक को वाहन समेत पकड़ लिया गया। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और ट्रक चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications