यूपी चुनाव : संतकबीरनगर में राजनाथ सिंह की जनसभा, जानिए बड़ी बातें
संतकबीरनगर/बलिया, 01 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे और सातवें चरण के मतदान के लिए सियासी दिग्गज मैदान में हैं। इसी क्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को बलिया और संत कबीर नगर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास रहा है कि हमने कभी दुनिया के किसी देश पर न आक्रमण किया और न ही दुनिया के किसी देश की एक इंच जमीन पर कब्जा किया है, लेकिन भारत को कोई आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो भारत में वो ताकत है कि भारत बाउंड्री के इस पार और उस पार जाकर मार सकता है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच हो रहे संघर्ष में हमारे प्रधानमंत्री और सरकार प्रभावी भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री आए दिन बैठकर इसकी समीक्षा करते रहते हैं कि कैसे हमारे भारतवासी वापस भारत आएं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में दोबारा सत्ता में आने पर बीजेपी सरकार हर साल होली और दिवाली के मौके पर मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर देगी। हमने आयुष्मान भारत कार्ड दिए हैं जो 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य उपचार प्रदान करते हैं। इससे पहले बलरामपुर में रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों की पढ़ाई के लिए कन्या सुमंगला योजना में अभी 15 हज़ार रुपये मिलते हैं, अब इस योजना में 25 हज़ार रुपये देने का प्रस्ताव है। अगले 5 साल में हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी, रोज़गार एवं स्वरोज़गार से भी जोड़ने का काम सरकार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications