Wedding Accident: गाड़ी देरी से निकली, रफ्तार तेज थी, दीवार से भिड़ते ही खत्म हो गई दूल्हे समेत आठ की जिंदगी
Wedding Accident: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी की खुशी मातम में बदल गई। जुनावई कस्बे में एक तेज रफ्तार बोलेरो कार दीवार से टकरा गई, जिससे दूल्हे समेत आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई।
हरगोविंदपुर गांव से बारात जनपद बदायूं के सिरासौल जसा पट्टी के लिए रवाना हुई थी। बारातियों की 11 गाड़ियां पहले ही निकल चुकी थीं, लेकिन दूल्हे सूरज समेत 10 लोग सवार बोलेरो पीछे रह गई थी। हादसा इसी बोलेरो के साथ हुआ।

करीब शाम सवा सात बजे जुनावई कस्बे में मेरठ-बदायूं हाईवे पर बोलेरो बेकाबू होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई और कई लोग उसमें फंस गए।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। बोलेरो की हालत देखकर किसी को जीवित बचने की उम्मीद नहीं थी।
स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। जेसीबी की मदद से गाड़ी को काटा गया और घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में मचा कोहराम, आठ की हुई मौत
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में दूल्हा सूरज (20), आशा (26), सचिन (22), मधु (20), रवि (28), कोमल (15) गणेश (2) और एश्वर्या (3) शामिल हैं। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
गंभीर घायलों में हिमांशी और देवा को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। अस्पताल और गांव दोनों ही जगह मातम पसरा है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल और घटनास्थल पर काफी लोग पहुंच गए हैं।
भीलवाड़ा से लौटा था दूल्हा
दूल्हा सूरज हाल ही में राजस्थान के भीलवाड़ा से घर लौटा था। वह वहीं मजदूरी करता था और अपने परिवार में सबसे बड़ा था। सूरज की शादी को लेकर परिवार बेहद उत्साहित था, लेकिन शादी से पहले ही घर में मातम छा गया।
परिवार ने सूरज की शादी सिरासौल गांव में तय की थी। शादी की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। बारात में जाने के लिए कुल 12 गाड़ियां बुक की गई थीं। अधिकतर गाड़ियां निकल चुकी थीं, लेकिन यह एक गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
जानें कैसे हुआ यह हादसा?
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी राजू यादव के अनुसार, टक्कर के बाद कार से लगातार चीखें आ रही थीं। लोग दौड़कर आए लेकिन कार इतनी बुरी तरह फंसी थी कि किसी को निकालना मुश्किल हो गया था। तभी जेसीबी बुलाकर राहत कार्य शुरू किया गया।
स्थानीय पुलिस, एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा और सीओ दीपक तिवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications