गांव में अक्सर आता था भेड़िया, लोगों ने पकड़कर गले में घंटी बांध दी, 4 पर केस, होंगे गिरफ्तार
संभल. उत्तर प्रदेश में संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र में भेड़िये के गले में घंटी बांधने के मामले चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा वन विभाग द्वारा कराया गया है। एफआईआर में कहा गया कि, जानवर को प्रताड़ित करने के लिए उसके गले में घंटी बांधी गई और फिर उसके वीडियो बनाए गए। इस मामले में 4 नामजदों पर कार्रवाई हो सकती है।

गले में घंटी बांधते वीडियो वायरल हुए
वन विभाग अब भेड़िए को खोजने में जुटा है, ताकि उसकी घंटी खोल कर उसे सामान्य जीवन दिया जा सके। ज्ञात हो कि, एक भेड़िया अक्सर गांव में चला आया करता था। भेड़िए से खौफजदा रजपुरा थाना के गांव रामपुर खादर के ग्रामीणों ने उस भेड़िए को पकड़कर उसके गले में घंटी बांध दी थी। ऐसा इसलिए किया, ताकि भेड़िए के आने की खबर मिल जाए और भेड़िए से बचा जा सके। हालांकि, जब भेड़िए के गले में घंटी बांधते वीडियो वायरल हुए तो वन विभाग हरकत में आया।

भेड़िए को खोज रहे हैं वन विभाग कर्मी
वन विभाग ने घंटी बांधने को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन माना। वन विभाग के चौकीदार ने चार ग्रामीणों के खिलाफ इस मामले में रजपुरा थाने में चार नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट लिखा दी। डीएफओ का कहना है कि घंटी बांधने के बाद भेड़िया शिकार नहीं कर पाएगा। एफआईआर के बाद वन विभाग की प्राथमिकता भेड़िए को खोज रहे हैं, जिसे पकड़कर उसके गले से घंटी खोल दी जाए और वह सामान्य जीवन जी सके।

आरोपियों की गिरफ्तारी तय
फिलहाल भेड़िए को घंटी बांध कर अभियुक्त बने ग्रामीण हैरत में हैं कि उन्होंने अपनी और अपने पशुओं की सुरक्षा में घंटी बांधी। मगर कानून, कानून है कि उनके लिए ही मुसीबत बन गया। सम्भल के डीएफओ देवेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि, आरोपियों की गिरफ्तारी तय समझी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications