सहारनपुर: मोबाइल दिखाने से किया मना तो बड़े भाई की हत्या, फिर लाश के किए कई टुकड़े
सहारनपुर, 11 अगस्त: 20 वर्षीय फरमान 18 जुलाई के बाद से ही लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। फरमान के घर से जब दुर्गंध आना शुरू हुई तो पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग ने टीम ने खुदाई कर शव को निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हत्यारोपी छोटे भाई अरमान को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो हत्या की सनसनीखेज वारदात से पर्दा उठ गया।

ये वारदात सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर ढोला की है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, गांव निवासी अकील की तीन बेटियां और दो बेटे थे। अकील ने तीनों बेटियों की शादी कर दी थी। इसके बाद अकील और उनकी पत्नी का इंतकाल हो गया। घर में बड़ा बेटा फरमान और छोटा बेटा ही रहते थे। फरमान 18 जुलाई को एक मोबाइल फोन खरीदकर लाया था। नया मोबाइल देख फरमान के छोटे भाई अरमान भी फोन दिखाने के लिए कहा तो फरमान ने फोन दिखाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया।
छोटे भाई अरमान पास में पड़ा हुआ फावड़ा उठाकर फरमान की गर्दन पर मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जिसके बाद अरमान ने शव के टुकड़े कर घर में दबा दिए। कई दिनों तक गांव में फरमान दिखाई नहीं दिया तो पड़ोसियों ने आरोपी से पूछा। उसने बताया कि फरमान काम के सिलसिले में करनाल चला गया है। कुछ दिनों तक पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने उसकी बात को सच मान लिया, लेकिन कुछ दिनों बाद बदबू आने पर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने छानबीन की और फरमान के छोटे भाई अरमान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर हत्या के सनसनीखेज वारदात से पर्दा उठ गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच मोबाइल को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद अरमान ने बड़े भाई की हत्या कर दी और शव को घर में ही दबा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर गंगोह अशोक सोलंकी ने बताया कि मोबाइल को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हुआ था। छोटे ने बड़े भाई के सिर में फावड़ा मारकर हत्या कर दी थी। सीओ मोहम्मद रिजवान ने बताया कि मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर बाल सुधार गृह मेरठ भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications