देवबंद में भाजपा सभासद की गोली मारकर हत्या, पांच दिन में दो बीजेपी नेताओं की हत्या
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद इलाके में पांच दिन के अंदर दो बीजेपी नेताओं की हत्या की वारदात हुई है। शनिवार को सुबह में भाजपा सभासद धारा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। देवबंद में पांच दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पहले 8 अक्टूबर को दिनदहाड़े भाजपा नेता यशपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

शनिवार को सुबह हुई वारदात के बाद भाजपा विधायक ने फोन पर सीओ को लताड़ लगाई। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी भी जताई। भाजपा सभासद धारा सिंह शुगर मिल में सेक्टर इंचार्ज भी थे। वह शनिवार को सुबह सीताब कॉलोनी स्थित अपने आवास से बाइक पर शुगर मिल जा रहे थे। करीब 8 बजे जब वह रेलवे स्टेशन के निकट फाटक पर पहुंचे तो बाइक सवार बदमाशों ने उनको गोली मार दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने नकाब पहन रखा था। दोनों बदमाश पल्सर बाइक पर सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभासद धारा सिंह को सीएचसी देवबंद ले जाया गया, जहां से उनको रेफर कर दिया गया। लेकिन परिजन सभासद को लेकर नहीं गए। उनका कहना था कि सभासद की मौके पर ही मौत हो गई थी। 4 दिन में हुई दो हत्याओं से पूरे इलाके में सनसनी मची हुई है। लोगो मे लॉ एंड ऑर्डर के प्रति गहरा रोष देखने को मिल रहा है। इंस्पेक्टर देवबंद को हटाए जाने की मांग भी की जा रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी दीनेश कुमार ने पूरे मामले के जल्द खुलासे की बात कही। ए
एसएसपी दीनेश कुमार का कहना है कि प्राथमिक पूछताछ में पुरानी रंजिश भी सामने आ रही है। परिवार वालों की ओर से आई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। वारदात के बाद से देवबंद व आस-पास के इलाकों में मुखबिरों को भी अलर्ट कर दिया गया है। क्षेत्रीय पुलिस के साथ-साथ पीएसी गश्त कर रही है। जल्द हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications