Sagar: रिटायर्ड सूबेदार के सिर पर था खून सवार, पहले बेटी को गोली मारी, फिर भाई-भतीजे की कर दी हत्या
एमपी के सागर जिले के ढाना के पास स्थित लालेपुर गांव में एक रिटायर्ड फौजी (सूबेदार) ने अपने भाई व भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। रिटायर्ड फौजी ने करीब एक माह पहले ही ली अपनी लाइसेंसी बंदूक से भाई व भतीजे सहित बेटी पर भी फायर किया था। घटना के बाद वह मोटर साइकिल से भाग निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार रिटायर्ड सूबेदार रामाधार तिवारी ने अपने बड़े भाई राममिलन तिवारी के घर जाकर विवाद शुरू कर दिया। वह अपनी बंदूक लेकर गया था। विवाद के दौरान रामधार ने राममिलन पर बंदूक तानी और गोली चला दी। इतने में भतीजा अजय तिवारी पिता को बचाने आया तो उसे भी गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आरोपी रामाधार तिवारी की बेटी बीच-बचाव करने आई तो उसे अपनी ही बेटी पर गुस्से में आकर गोली चला दी। हो-हल्ला हुआ तो रामाधार घर से बाइक लेकर भाग निकला। परिजन तीनों घायलों को बुंदेलखंड मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने भाई व भतीजे को मृत घोषित कर दिया, वहीं आरोपित की बेटी वर्षा की हालत नाजुक बनी हुई है। जमीन के लिए भाई द्वारा भाई की हत्या किए जाने की वारदात से गांव में मातम का माहौल है।
शराब पीने का आदी, जब-तब मारपीट करता रहा है
इधर आरोपित रामाधार तिवारी का पत्नी का कहना है कि उसके पति रिटायर्ड होने के बाद अक्सर शराबखोरी करते थे। वह जमीन को लेकर अपने भाई से जब-तब विवाद करते रहते हैं। आज वे गुस्से में घर आए थे।उन्होंने बंदूक निकाली और बाहर जाने लगे। बेटी वर्षा ने रोका तो उसे गोली मार दी। इसके बाद जाकर राममिलन व अजय को गोली मारदी। जानकारी अनुसार रामाधार ने करीब एक माह पहले ही बंदूक ली थी और वह बच्चों व पत्नी से भी मारपीट करता रहा है। इधर आरोपी रामाधार को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications