पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट प्रदेश में एक स्थान पर आया सबसे बड़ा निवेश है, बीना में बोले शिवराज
सीएम शिवराज ने बताया, पेट्रोकेमिकल हब,अब तक का सबसे बड़ा निवेश
सागर जिले के बीना में पेट्रोकेमिकल हब का प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश में एक ही स्थान पर आने वाला अब तक का सबसे बड़ा निवेश है। यह प्रोजेक्ट एमपी सहित देश में नया इतिहास रचेगा। प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने यह बात बीना में निरीक्षण के दौरान कही।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 14 सितंबर बीना में एक नया इतिहास रचेगा। मुख्यमंत्री चौहान आज सागर जिले के बीना रिफाइनरी परिसर में 14 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का अवलोकन कर रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पेट्रो केमिकल प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश में अब तक का एक स्थान पर आया हुआ सबसे बड़ा निवेश है। 50 हजार करोड़ के इस निवेश के साथ ही एक लाख करोड़ के निवेश प्रदेश के अलग-अलग स्थान पर होंगे, जिससे दो लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। बीना रिफाइनरी के पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट से प्रत्यक्ष- अप्रत्यक्ष रूप से 2.15 लाख और शेष 2 लाख को मिलाकर 4लाख15 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
सीएम चौहान ने कहा कि युवाओं किशोरो को रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी जिंदगी आशाओं और उमंग से भर जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि 50 हजार करोड़ के पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट के निवेश को उत्सव के रूप में मनाना चाहिए और अधिक से अधिक संख्या में 14 सितंबर को होने वाली जनसभा में शामिल होना चाहिए ।श्री चौहान ने यह भी कहा कि बीना रिफाइनरी में पेट्रो केमिकल प्रोजेक्ट के निर्मित होने से बीना रिफाइनरी सहित अन्य क्षेत्रों में उद्योग धंधे स्थापित होंगे, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
पहले इस प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था
सीएम ने बताया कि पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट के लिए पूर्व में इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था, जिसे राज्य सरकार ने आगे बढ़कर निवेश का रास्ता खोला है। इतने वृहद स्तर पर रोजगार के ऐसे अवसर कमी ही आते हैं । इस प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद बीना सहित सागर, सिरोंज, कुरवाई, बासौदा सहित आसपास के इलाकों में औद्योगिक हब बनेंगे। होटल व्यवसाय बढ़ेगा, क्योंकि औद्योगिक क्षेत्र का विकास होगा तो इस क्षेत्र इन क्षेत्रों का भी विकास होगा।
निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार ने पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट के लिए अनेक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने कहा कि निवेश और उससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तो प्रगति से विकास होगा। इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह, सागर जिले के प्रभारी, सहकारिता, लोक प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications