Damoh News: मास्साब पर लगाम, कोचिंग नहीं पढ़ा पाएंगे शिक्षक, कुंडली खंगाल रहा विभाग
मध्य प्रदेश के दमोह जिले में सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के उद्देश्य ने मास्साब पर लगाम लगाना शुरू कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों को पत्र भेजकर ऐसे शिक्षकों की जानकारी मांगी है जो निजी तौर पर कोचिंग पढ़ाते हैं। सभी शिक्षकों की कुंडली खंगाली जा रही है। दमोह में ऐसे शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है।

जानकारी अनुसार दमोह जिले में सरकारी स्कूलों में पदस्थ शिक्षक अब कोचिंग नहीं पढ़ा पाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी एसके नेमा ने जिले के समस्त स्कूल के प्राचार्यों को पत्र जारी कर कहा गया है कि कोचिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अध्यापन कराने वाले शिक्षकों की जानकारी तत्काल भेजी जाए।
कोचिंग पढ़ाना नियमों के खिलाफ है
गौरतलब है कि दमोह शहर के एक्सीलेंस, जेपीबी, एमएलबी सहित अन्य शासकीय स्कूलों के शिक्षक अपने घरों पर कोचिंग लगाते हैं। जहां पर सुबह शाम सैकड़ों की संख्या में बच्चे अध्ययन करने पहुंचते हैं। डीईओ नेमा ने स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी शिक्षकों द्वारा निजी तौर पर कोचिंग पढ़ाना शासकीय निर्देशों के खिलाफ है। जो भी शिक्षक कोचिंग पढ़ाएगा, उसके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications