मोहन सरकार में मंत्री नहीं बने तो 9 बार के विधायक बन गए कथावाचक, 'मोह माया' भजन गाते हुए VIDEO वायरल
Sagar News: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर दावेदारी थी। लेकिन हुआ कुछ ऐसा कि 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव कथा वाचक बन गए।
Sagar News: मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव (Gopal Bhargava) एक बार फिर चर्चा में है। मोहन सरकार में मंत्री पद नहीं मिलने के बाद सबसे दिग्गज विधायक का नया रूप सामने आया है। वायरल हो रहे एक वीडियो में गोपाल भार्गव भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं और भजन गा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सागर जिले में श्रीमद भागवत कथा कर रहे हैं।
सागर जिले के पटेरिया गांव में भागवत कथा कार्यक्रम चल रहा है। इसमें पूर्व मंत्री पंडित गोपाल भार्गव व्यास गद्दी पर विराजमान हैं। पूर्व मंत्री भगवा कपड़े पहन कर कथा कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर भजन गाते हुए कई वीडियो शेयर किए हैं।

वायरल वीडियो में पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक गोपाल भार्गव झूठी दुनिया, झूठे बंधन, झूठी यह सब माया है का गाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में उनके सियासी कद में कांट-छांट से जोड़कर भी लोग इसे समझ रहे हैं। हालांकि, उन्होंने भजन से पहले इस बात का जिक्र किया कि राम मंदिर में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है और वो बचपन में एक गीत गाते थे, वही सुना रहे हैं।
गौरतलब हो, वर्तमान में मध्य प्रदेश के सबसे वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव मध्य प्रदेश सरकार में 18 साल तक कैबिनेट मंत्री रहे। 2018 में कांग्रेस की जब सरकार बनी तब उन्हें नेता प्रतिपक्ष भी बनाया गया था। बीजेपी की जब दोबारा सत्ता वापसी हुई तो उन्हें फिर मंत्री बनाया गया।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार करते समय वो सीएम पद के दावेदारी भी करते नजर आ रहे थे लेकिन नई सरकार में उन्हें मंत्री पद भी नहीं मिला। भारतीय जनता पार्टी आला-कमान के इस निर्णय के बाद गोपाल भार्गव ने बयान दिया था जो खूब वायरल हुआ था। उन्होंने पार्टी के चयनकर्ताओं पर भी सवाल उठाए थे। मंत्री पद जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी नेता का नया वेशभूषा चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications