हरियाणा: इंजेक्शन लगा रही डॉक्टर की युवक ने गर्दन पकड़ी, फिर पिस्तौल की बट मारकर सिर फोड़ा
रोहतक। हरियाणा में रोहतक के सुनारिया चौक पर स्थित एक क्लीनिक में महिला डॉक्टर पर हमला हो गया। मरीज को इंजेक्शन लगा रही महिला डॉक्टर की गर्दन पीछे से आकर एक युवक ने पकड़ ली। उसके बाद पिस्तौल निकाली और उसकी बट से डॉक्टर के सिर पर वार किया। जिससे सिर में बड़ी चोट लगी। डॉक्टर के चीखने-चिल्लाने पर हमलावर वहां से फरार हो गए। इस घटना से वहां कोहराम मच गया।

महिला डॉक्टर पर हमला
पीड़ित महिला डॉक्टर ने बाद में पुलिस को सूचित किया। वहीं, सूचना मिलने पर थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस डॉक्टर के पास पहुंची। महिला डॉक्टर ने आपबीती बताते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पीड़िता ने कहा, "बीते रोज की सुबह करीब साढ़े 5 बजे दो आदमी और एक महिला मरीज को इलाज के लिए मेरे पास लेकर आए थे। मैं जब महिला को इंजेक्शन लगाने लगी तो पीछे से युवक ने गर्दन पकड़ ली। मेरे विरोध करने पर हमला कर दिया। मेरे सिर में पिस्तौल के बट से वार कर सिर फोड़ दिया।"

पीड़िता ने बताया कि, चीखने-चिल्लाने पर आस-पास के लोग दौड़े चले आए। वहीं, हमलावर वहां से भाग निकले। एक बुजुर्ग ने बताया कि, डॉक्टर ने अपने आवास पर ही क्लीनिक बना रखा है। एक युवक समेत कुछ लोग वहीं आ गए थे और एक युवक ने पिस्तौल के बट से हमला कर दिया। फिर, इस महिला डॉक्टर के शोर मचाने पर मौके से फरार हो गए। बहरहाल, थाना शिवाजी कॉलोनी की पुलिस आरोपितों को खोज रही है।












Click it and Unblock the Notifications