Vande Bharat Express: रीवा और भोपाल के बीच चलेगी वंदे भारत ट्रेन, निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारी
Vande Bharat Express Rewa to Bhopal: जबलपुर से विशेषज्ञों की टीम रीवा पहुंची और संभावनाओं का पता लगाया। वंदेभारत ट्रेन अभी देश के चुनिंदा रूट पर चल रही है। रीवा और सतना में इसकी मांग बीते कई माह से की जा रही है।

Vande Bharat Express: रेलवे की सबसे आधुनिक और तेज रफ्तार से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन जल्द ही रीवा-सतना से भोपाल के बीच चलाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। 7 अप्रैल को जबलपुर मंडल के चार अधिकारियों ने रीवा कोचिंग डिपो का निरीक्षण किया। अब कोचिंग डिपो की जांच रिपोर्ट मंडल और जोन के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी। इसके बाद रेलवे बोर्ड और पीएमओ के पास भेजी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन पटरी पर दौड़ने लगेगी। वंदे भारत ट्रेन सतना रीवा से चलाए जाने से रेवांचल सुपरफास्ट में लगातार चल रही लंबी वेटिंग से लोगों को राहत मिलेगी।
मध्य प्रदेश की दूसरी ट्रेन: पश्चिम मध्य रेलवे के तीन मंडल जबलपुर भोपाल और कोटा से वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने के लिए रेलवे कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। मध्य प्रदेश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रानी कमलापति से दिल्ली के बीच चलाई गई है। अब दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस रीवा से रानी कमलापति स्टेशन के बीच चलाए जाने की तैयारी की जा रही है। बताते चलें कि पिछले वर्ष रीवा भोपाल और कोटा में रेल कर्मचारियों को वंदे भारत एक्सप्रेस का मेंटीनेंस करने व फैसिलिटी तैयार करने के साथ रेलवे कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है।

निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारी: वंदे भारत एक्सप्रेस को रीवा से चलाए जाने को लेकर जबलपुर मंडल के अधिकारी सीनियर डीईएन को. विजय पांडेय, सीनियर डीएसटी विराट गुप्ता, सीनियर डीओएस माथुर वर्मा और डीसीएम सुनील कुमार श्रीवास्तव रीवा जबलपुर रीवा शटल से निरीक्षण करने पहुंचे कोचिंग डिपो और स्टेशन का निरीक्षण किया अब यह रिपोर्ट मंडल और जोन के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी वहीं से रेलवे बोर्ड और पीएमओ को भी भेजी जाएगी।
सतना महापौर ने की थी पहल: सतना महापौर योगेश ताम्रकार ने रेल मंत्री को 4 अप्रेल को रीवा से इंदौर वंदेभारत ट्रेन चलाने को लेकर पत्र लिखा था। बताया था कि भोपाल जाने के लिए इस क्षेत्र में मात्र एक सीधी ट्रेन है एवं इन्दौर जाने के लिए एक साप्ताहिक ट्रेन है। इन ट्रेनों में सतना-रीवा, सीधी एवं छतरपुर लोकसभा के लोगों का आवागमन बना रहता है। महापौर ने रीवा से लेकर इंदौर के लिए प्रतिदिन चलने वाली ट्रेन उपलब्ध कराने की मांग की थी।
विश्वरंजन सीनियर डीसीएम जबलपुर: रीवा से वंदे भारत एक्सप्रेस चलाए जाने की तैयारी की जा रही है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद यह ट्रेन चलाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications