रामपुर: आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी का प्रशासनिक भवन कुर्क, दलितों की 104 बीघा जमीन पर भी सरकारी कब्जा
रामपुर। समाजवादी पार्टी सांसद आजम खान के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जौहर यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन को कुर्क कर दिया है। इसके अलावा दलितों से बिना परमिशन खरीदी गई 104 बीघा जमीन भी अपने कब्जे में ले ली है। बता दें, पिछले दिनों जौहर यूनिवर्सिटी के लिए दलितों की जमीन नियम विरुद्ध खरीदने में फंसे आजम खान को राजस्व परिषद से बड़ा झटका लगा था। राजस्व परिषद ने पूर्व कमिश्नर के आदेश को खारिज करते हुए प्रदेश सरकार के पक्ष में फैसला सुनाया है, जिसके तहत जौहर ट्रस्ट की ओर से बनवाए गए इस विश्वविद्यालय के कब्जे से दलितों की 104 बीघा जमीन वापस होगी।

राजस्व परिषद का आदेश मिलने के बाद जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने कार्रवाई के लिए उप जिलाधिकारी सदर को भेज दिया। एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश तिवारी बुधवार दोपहर तहसीलदार प्रमोद कुमार और राजस्व व पुलिसकर्मियों के साथ जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। दलितों से खरीदी गई 104 बीघा जमीन की पैमाइश कराई।
एसडीएम ने बताया कि जमीन पर सरकारी कब्जा किया कर लिया गया है। दूसरी ओर यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की है। उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि जौहर यूनिवर्सिटी में जो भवनों का निर्माण कराया गया है, उसमें सेस का भुगतान नहीं किया गया। श्रम विभाग की ओर से एक करोड़ 37 लाख की आरसी जारी की गई, लेकिन इसके बाद भी भुगतान नहीं किया गया। इस पर यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन को कुर्क कर लिया गया। इस भवन पर प्रशासन ने अपनी सील लगा दी है।












Click it and Unblock the Notifications