'70% वोट BJP को नहीं मिले बंद करवा दूंगा मंडली', MP के धमकी भरे ऑडियो पर हार्दिक ने कही ये बात
Gujarat News, राजकोट। गुजरात में भाजपा के मौजूदा सांसद और लोकसभा चुनाव 2019 के उम्मीदवार मोहनभाई कुंडारिया का एक ऑडियो सामने आया है। इस ऑडियो में वह जिला पंचायत सदस्य नानुभाई डोडिया को धमकाते सुने जा सकते हैं। वह ऑडियो में कह रहे हैं कि अगर कोठारिया के 70 से 75 प्रतिशत वोट भाजपा को नहीं मिले तो मंडली बंद करवा दूंगा।' दूसरी, ओर नानुभाई डोडिया भी प्रत्युत्तर में मंडली को इस्तीफा की बात कह रहे हैं और साथ ही डोडिया कुंडारिया को खुद कांग्रेस से जुड़े होने की याद दिलाते हैं।

ऑडियो सामने आने पर यह बोले कांग्रेसी लीडर
ऑडियो पर पूछे जा रहे सवालों का उत्तर देते हुए जिला पंचायत सदस्य नानुभाई डोडिया ने कहा कि कल रात तकरीबन 9 बजे मोहन कुंडारिया का कॉल आया। जिसमें उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि मेरी तरफ 70-75% वोटिंग करवानी है, नहीं तो आपकी मंडली बंद करवा दूंगा।'
नानुभाई ने आगे कहा कि वो पिछले 30 सालों से किसान मंडली के प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। हम कांग्रेस के सैनिक हैं और मोहनभाई द्वारा दी गई धमकी के बारे में अमित चावड़ा, परेश धानाणी जैसे नेताओं से संपर्क करके आगे की कार्रवाई करुंगा।'

सांसद मोहन कुंडारिया ने दी ये सफाई
सामने आए ऑडियो और नानुभाई डोडिया द्वारा लगाए गए आरोपों पर सांसद कुंडारिया ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के पास और कोई मुद्दा बचा नहीं है। इसलिए नानुभाई जैसे कार्यकर्ता को आगे करके झूठा इल्जाम लगा रहे हैं। मेरे और नानुभाई के बीच में ऐसी कोई बात नहीं हुई है। हारी हुई कांग्रेस द्वारा झूठा ऑडियो क्लिप लाया गया है।

राजकोट कांग्रेस उम्मीदवार ललित कगथरा का बयान
मोहन कुंडारिया और नानुभाई की ऑडियो क्लिप को लेकर राजकोट से कांग्रेस के उमीदवार ललित कगथरा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये लोकतंत्र है या दबंग तंत्र? भाजपा के उमीदवार अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ऐसी धमकी देने की जुर्रत करते हैं तो भाजपा कार्यकर्ता किस हद तक जाते होंगे, वोट पाने का भाजपा का यह कौन-सा तरीका है।

हार्दिक पटेल बोले- भाजपा को सता रहा हार का डर
कांग्रेस का प्रचार करने जामनगर आए हार्दिक पटेल ने कहा हार का अहसास होने के कारण ही भाजपा द्वारा दबंगई की राजनीति की जा रही है। कांग्रेस के उम्मीदवारों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन गुजरात में अब कांग्रेस को भाजपा से भी एक सीट ज्यादा मिलेगी।'
लोकसभा चुनाव 2019: गुजरात की सभी सीटों की जानकारी यहां पढ़ें












Click it and Unblock the Notifications