मासूम बेटे-बेटी को मां ने नदी में धकेला, गांववालों ने पूछा तो बोली- मुझे पति का साथ मंजूर नहीं
वापी। गुजरात में वापी जिले की धरमपुर तहसील के वेरीभवाडा में एक मां ने अपने ही मासूमों को नदी में धकेल दिया। उसके बाद खुद कोरवड़ गांव में रहने लगी। हप्तेभर बाद लोगों को उसकी करतूतें पता चलीं। गांववालों को उसकी मासूम बेटी की लाश मिली, जबकि बेटे का शव बरामद नहीं किया जा सका। उसे लापता करार दे दिया गया। महिला से पूछताछ की गई तो उसने कहा कि मुझे पति के साथ रहना मंजूर नहीं है। इसलिए, बच्चों को रास्ते से हटाया।'

जानकारी के अनुसार, वेरीभवाड़ा गांव में जीतूभाई झूलाभाई सापटा अपनी पत्नी तुलसी और पांच वर्षीय बेटी छनीशा तथा तीन साल के बेटे आदित्य के साथ रहता था। मंगलवार को वह गांव के अन्य लोगों के साथ नदी फलिया में मछली पकडऩे गया था। वहां से शाम को लौटने पर देखा तो पत्नी और बच्चे नहीं थे। पड़ोस में पूछताछ की, लेकिन किसी को इस बारे में नहीं मालूम था।
उसने सोचा कि पत्नी किसी रिश्तेदार के यहां गई होगी। बुधवार को सुबह उसने अपने रिश्तेदारों के यहां पता किया, लेकिन पत्नी तुलसी और दोनों बच्चों का कहीं पता नहीं चला। इस पर उसने पुलिस को सूचना देकर बच्चों की खोजबीन शुरु कर दी। बुधवार शाम धरमपुर के माकड़बन गांव के पाठशाला फलिया में पार नदी किनारे एक बच्ची का शव मिला था। शुरू में पुलिस ने शव को अज्ञात मानते हुए उसकी फोटो जारी कर पहचान की कोशिश शुरू की।
इधर वेरीभवाड़ा गांव के सरपंच ने जीतू को वह फोटो दिखाया तो उसने अपनी बच्ची के शव की पहचान की। बादमें पत्नी और बेटे को लेकर उसकी चिंता बढ़ गई। और उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर तलाश तेज कर दी। इसी दौरान शनिवार को उसकी पत्नी मोटी कोरवड़ गांव से मिली, लेकिन बेटा साथ में नहीं था। उसको घर लाकर सोमवार को सरपंच और अन्य अग्रणियों के बीच पूछे जाने पर उसने जो बताया उससे सुनकर लोग दंग रह गए।
तुलसी ने बताया कि उसे पति के साथ रहना मंजूर नहीं था। इसीलिए वह मंगलवार को दोनों बच्चों को लेकर गुस्से में घर से निकल गई। शाम 6 बजे पार नदी के किनारे पहुंची। बाद में नदी की तेज बहती धारा में दोनों को धकेल दिया। जिसके चलते दोनों बच्चे बह जाने के बाद वह मोटी कोरवड़ गांव में रहने लगी। घटना के बाद पति जीतू ने पत्नी के खिलाफ धरमपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसके चलते तुलसी पर कानूनी कार्रवाई कर पुलिस तीन वर्षीय बेटे की खोज में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications