गुजरात में 4 दिन तक भारी बारिश की चेतावनी, गांव-शहरों में NDRF तैनात, समुद्र में जाने पर रोक
राजकोट। मौसम विभाग द्वारा गुजरात में आगामी चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जिसके चलते बहुत से गांव-कस्बों में एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं। साथ ही मछुआरों से भी समुद्र में नहीं जाने को कहा गया है। राज्य के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चल रही हैं जिनका वेग 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकता है। 30 जुलाई को साबरकांठा, वलसाड और महिसागर जैसे जिले भयंकर बारिश की चपेट में होंगे।

राज्य के विविध भागों में हुई बरसात
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटवर्तीय क्षेत्रों में हवा के कम दबाव से उत्पन्न स्थिति का असर गुजरात तक पहुंचा है। पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मानसून के चलते राज्य के विविध भागों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो रही है। ऐसे में आगामी चार दिनों तक राज्य के विविध भागों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

नवसारी में भारी से भारी बारिश के आसार
शनिवार को गुजरात रीजन के साबरकांठा, अरवल्ली, महिसागर, दाहोद, वलसाड, नवसारी में भारी से भारी बारिश के आसार हैं। इसी तरह से रविवार को उत्तर गुजरात के बनासकांठा, साबरकांठा, अरवल्ली, महिसागर, दाहोद में भारी से भारी बारिश की संभावना है।

इन जिलों में भी संभावना
जबकि गुजरात रीजन के पाटण, महेसाणा, गांधीनगर, अहमदाबाद, खेड़ा, आणंद, पंचमहाल, नवसारी, वलसाड, सूरत, डांग, तापी तथा सौराष्ट्र के भी कुछ भागों में अच्छी बारिश की संभावना है।

30 जुलाई को कच्छ में भी बरसेंगे मेघ
सोमवार को सौराष्ट्र के सुरेन्द्रनगर, बोटाद, राजकोट, मोरबी, जामनगर एवं अमरेली समेत विविध भागों में बारिश होगी। उसके बाद 30 जुलाई को कच्छ एवं अन्य भागों में भी मेघ बरसेंगे।












Click it and Unblock the Notifications