सोशल मीडिया पर वायरल हुईं 'मैं भी चौकीदार' वाली घड़ी, क्या भाजपा वोटरों में बंटवा रही है इन्हें?
Gujarat News, राजकोट। कांग्रेस के "चौकीदार चोर है" के जवाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने "मैं भी चौकीदार" अभियान छेड़ दिया। इस अभियान के तहत हाल ही उन्होंने देशभर के 500 शहरों में लोगों से सीधे वीडियो कॉन्फ्रेंस की। ऐसे में गुजरात से सोशल मीडिया पर कुछ फोटोज वायरल हुए हैं। ये फोटो हैं घड़ी के, जिन पर 'हां मैं भी चौकीदार हूं' लिखा हुआ है। कहा जा रहा है कि भाजपा इन घड़ियों का वितरण कर अपने अभियान को सफल बनाने में जुटी हुई है।

क्या खासियत है "मैं भी चौकीदार" घड़ी में?
इस घड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और सीएम विजय रुपाणी के साथ कुंवरजी बावलिया जैसे स्थानीय नेताओं की फ़ोटो छपे हुए हैं। साथ ही भाजपा का चुनावी चिन्ह भी है। भाजपा के उमीदवारों द्वारा नामांकन फॉर्म भरने के बाद से चुनाव प्रचार किया जा रहा है। ऐसे में "मैं भी चौकीदार" के छापे वाली घड़ी बड़े पैमाने पर सामने आ रही हैं। इन घड़ियों को भाजपाईयों द्वारा बांटे जाने की खबरें मिल रही हैं।
लोकसभा चुनावों की घोषणा से पहले ही शादियों की निमंत्रण पत्रिका में मोदी को वोट देने की अपील के भी मामले खूब देखने को मिले। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की फ़ोटो वाली साड़ियां, पेड़े समेत कई चीजें मार्केट में आईं। हालांकि, चुनावों की घोषणा के बाद वायरल तरह की घड़ी को लेकर कांग्रेस चुनाव आयोग से शिकायत कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications