राजस्थान: युवक की जली हुई लाश के पास मिले अधजले लव लेटर, युवती की तस्वीर वायरल
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपवास थाना इलाके के जसवंत नगर में एक युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव जंगल में जला हुआ मिला है। उसने आत्महत्या की है या किसी ने उसकी हत्या कर शव जलाया है। इसका अभी पता नहीं चल पाया है, मगर जले हुए शव के पास अधजले में लव लेटर और एक युवती की तस्वीर पड़ी मिली है, जो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है। ऐसे में युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले को ऑनर किलिंग से जोड़कर भी जांच कर रही है।

जसवंत नगर के भूरा का था शव
भरतपुर की रूपवास पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पांच बजे सूचना मिली थी कि गांव चैकोरा के जंगल में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अधजला शव बरामद किया। उसकी शिनाख्त जसवंत नगर में रहने वाले युवक भूरा लोधा के रूप में हुई।

शव के पास पेट्रोल की बोतल भी मिली
घटनास्थल शव के पास पेट्रोल की बोतल सहित कुछ संदिग्ध चीज मिली थी। इसके अलावा शव के पास प्रेम पत्र व एक युवती की तस्वीर भी मिली। प्रेम पत्र जल चुका था, मगर युवती की तस्वीर जली नहीं थी। युवती की पहचान मृतक के पड़ोसी गांव की लड़की के रूप में हुई है। अब पुलिस मृतक के परिजनों और लड़की पक्ष से पूछताछ करेगी।

मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। प्रेम प्रसंग के चलते किसी ने युवक की हत्या कर उसका शव जला दिया। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके से फॉरेंसिक जांच के लिए कुछ चीजें ली हैं, जिसकी जांच की जाएगी. इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह ऑनर किलिंग का मामला है या आत्महत्या का?












Click it and Unblock the Notifications