राजस्थान में कब आएगा मानसून, इस बार कितनी बारिश का अनुमान? IMD ने सब कुछ बता दिया
Mansoon 2024 Rajasthan: राजस्थान में गर्मी से राहत कब मिलेगी? मानसून कब आएगा? प्रदेश में साल 2024 का मानसून कैसा रहेगा? राजस्थान में इस बार कितनी बारिश का अनुमान है? इन सारे सवालों के जवाब मिल गए हैं?
वन इंडिया हिंदी से बातचीत में जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राजस्थान में मानसून आने ही वाला है। पहले प्री मानसून की बारिश भिगोएगी। 25 व 26 जून को कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में प्री मानसून बारिश का अनुमान है।

शर्मा कहते हैं कि जून अंत तक राजस्थान में मानसून आ जाएगा। 26 से 28 जून के बीच अनुमान है कि राजस्थान के दक्षिण पूर्वी हिस्से से मानसून प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर सकता है।
मौसम विभाग का मानना है कि साल 2024 में राजस्थान में बारिश सामान्य रहेगी। इस बार प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश तो कहीं कम बारिश हो सकती है। पूरे सीजन में कुल बारिश सामान्य रहने का अनुमान है।
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा कहते हैं कि राजस्थान में मानसून चार माह सक्रिय रहता है। इस बार अनुमान है कि आखिरी के दो माह मतलब अगस्त व सितंबर में जोरदार बारिश हो सकती है, जो शुरुआती दो माह से ज्यादा होगी।
20 जून को राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में प्री मानसून बारिश हुई है। इससे गर्मी से राहत मिली है। आगामी 24 घंटों में जयपुर, अलवर, बारां, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, सीकर, कोटा और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान है।
ज्यादा गर्मी पड़ने की वजह
जयपुर मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार साल 2024 के मई और जून में हवाएं घड़ी घूमने की दिशा में चली हैं, जिससे हाई प्रेशर बना है और लू चली हैं। कई जगहों पर तापमान बढ़कर 50 डिग्री तक पहुंच गया है। हवाएं पश्चिम से पूर्व की ओर चलती रहती तो सामान्य गर्मी पड़ती। वैसे तो हवाओं के घूमने की दिशा हर साल बदलती रहती है, मगर जब क्लॉक वाइज डायरेक्शन की हवा के साथ अन्य कारण भी जुड़ जाते हैं तो वो भीषण गर्मी की वजह बन जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications