कोरोना संक्रमण रोककर मॉडल बने भीलवाड़ा में एप्प से घर बैठे मिलेंगी सब्जियां
भीलवाड़ा। कोरोना संकट के बीच भीलवाड़ा जिला प्रशासन द्वारा आमजन को राहत प्रदान करने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला कलक्टर राजेन्द्र भट्ट ने 'सिटी स्टोर' एंड्रॉयड मोबाइल एप्प लांच किया। इस एप्प को डाउनलोड कर कोई भी फल-सब्जी की होम डिलीवरी के लिए ऑर्डर दे सकते हैं। कोरोना संक्रमण रोकने में भीलवाड़ा मॉडल की चर्चा कई दिन से देशभर में हो रही है।

24 से 36 घण्टे में होम डिलीवरी
भीलवाड़ा जिला कलेक्टर राजेन्द्र भट्ट ने बताया कि एप्प पर पैकेज के अनुसार फल-सब्जी उपलब्ध कराई जा रही हैं। कोई भी अपनी आवश्यकता के अनुसार अपना पैकेज चुन सकते हैं। एप्प से आर्डर करने पर कृषि उपज मंडी द्वारा 24 से 36 घण्टे में होम डिलीवरी की जाएगी।

100 रुपए का पैकेज
होम डिलीवरी के समय उपभोक्ता को भुगतान करना होगा। वर्चुअल इंफोसिस्टम्स के नलिन शर्मा ने यह एप्प बनाई है। जिला कलेक्टर ने आमजन से इस एप्प का लाभ लेने व घरों में सुरक्षित रहने को कहा है। भीलवाड़ा जिला कलक्टर ने बताया कि सब्जियों के तीन पैकेज बनाये गए हैं। 100 रुपए के पैकेज में एक-एक किलोग्राम मिर्ची, टमाटर, आलू व प्याज होंगे। 100 रुपए के ही दूसरे पैकेज में आधा किलो लहसून, आधा किलो नीबू व पाव अदरक मिलेगा।

200 रुपए का पैकेज
200 रुपए के तीसरे पैकेज में एक- एक किलोग्राम लौकी, भिंडी, तुरई, बैंगन, ग्वारफली, खीरा, टमाटर होंगे। फलों के 200 रुपए के पैकेज में केला, अनार संतरा प्रत्येक एक किलो व पपीता, खरबूजा एक-एक नग। वहीं, 300 रुपए के पैकेज में आम, सेव, अनार, संतरा प्रत्येक एक किलो व 1 नग तजबुज मिलेगा।

भीलवाड़ा में कोरोना के 28 केस
बता दें कि राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने के मामले में भीलवाड़ा सबसे पहला हॉटस्पॉट था। यहां अब तक 28 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। दो मरीजों की मौत हो गई। खुशी की बात यह है कि भीलवाड़ा जिला प्रशासन ने अपनी रणनीति से कोरोना पर काबू पा लिया। फिलहाल यहां कोरोना के नए मामले सामने नहीं आ रहे जबकि भीलवाड़ा के साथ ही हॉटस्पॉट बने जिलों में अब कोरोना पॉजिटिव के केस नहीं थमे हैं।












Click it and Unblock the Notifications