यूपी की वो लड़की जो रक्षाबंधन के नाम पर सीकर के लड़के से तोड़ गई शादी का बंधन
सीकर, 4 फरवरी। राजस्थान के सीकर जिले के श्रीमाधोपुर उपखंड के थोई पुलिस थाना इलाके के गांव झाड़ली में शादी का झांसा देकर 5 लाख हड़पने का मामला दर्ज हुआ है।

थानाधिकारी आलोक पूनिया ने बताया कि झाड़ली के वार्ड 19 निवासी कानाराम पुत्र रघुनाथ जाट ने थाने में मामला दर्ज करवाया है कि प्रार्थी से कैलाश चंद पुत्र गिरधारी लाल जाट तथा रमेश उर्फ रामेश्वर पुत्र टोडाराम जाट निवासीगण हनुतपुरा शाहपुरा (जयपुर) मिले। दोनों ने 5 लाख रुपए में शादी करवाने की बात कही।
हां कहने पर दिए तीस हजार रुपए
प्रार्थी के हां कहने पर 30 हजार रुपए ले लिए तथा जल्द लड़की देखकर शादी करवाने की बात कहकर 5 लाख का इंतजाम करने की बात कही। 15 जून 2021 को डॉ. शिवप्रसाद पुत्र मदनलाल शर्मा तथा राहुल कुमार सैन पुत्र शंभू दयाल निवासीगण वार्ड 5 नायन (जयपुर) प्रार्थी से मोबाइल के जरिए बातचीत कर झाड़ली में आकर मिले।
एक अगस्त को पहुंचे आगरा
दोनों ने उत्तर प्रदेश में रहने वाली लड़की से जल्द शादी करवाने की बात कहकर अपने मोबाइल नंबर दिए तथा पैसे का इंतजाम करने की बात कही।27 जुलाई 2021 को प्रार्थी के पास फोन आया कि फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश में लड़की देख ली है। 1 अगस्त को प्रार्थी कानाराम, शिवप्रसाद तथा राहुल तीनों ट्रेन से आगरा पहुंचे तथा वीरपाल सिंह पुत्र रामवीर सिंह चौधरी निवासी कालीन्द्र बिहार आगरा से मिलकर होटल टाई राज लोकहितम हॉस्पिटल के पास लेकर गया।
लड़की पसंद आने पर लिए 60 हजार रुपए
लड़की पसंद आने के बाद खाते में 60 हजार रुपए डालने की बात कही। प्रार्थी ने अपने भांजे को कहकर 60,000 खाते में डलवा दिए। इसके पश्चात पायल पुत्री लालाराम मिश्रा निवासी फुलवाड़ी फिरोजाबाद आगरा उत्तरप्रदेश का बड़ी बहन सीमा, रिंकू ने परिचय करवाया।
दो लाख देने के बाद करवाई शादी
शिवदयाल व राहुल ने परिवार वालों को देने के लिए 2 लाख नगद ले लिए तथा शादी की रस्म पूरी करवाने के पश्चात शेष रकम भी ले ली। उपहार स्वरूप सोने का जोल्या, नाक का कांटा सोने की दो अंगूठी चांदी की पायजेब इत्यादि सामान पायल को दे दिया।
12 अगस्त को चली गई मायके
12 अगस्त 2021 को पायल का चाचा का लड़का शैलेंद्र तथा बड़ी बहन सीमा प्रार्थी के गांव झाड़ली आकर छल कपट की नियत से रक्षाबंधन का बहाना बनाकर पत्नी पायल व गहनों को ले गए। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications