Udaipur News: विश्वराज सिंह मेवाड़ ने किए एकलिंगजी मंदिर के दर्शन, लक्ष्यराज ने नहीं खोला सिटी पैलेस का गेट
Vishvaraj Singh Mewar Udaipur Rajasthan: राजस्थान के उदयपुर के सिटी पैलेस में प्रवेश की बात पर पूर्व राजपरिवार में छिड़ा विवाद तीसरे दिन बुधवार को भी नहीं थमा। विश्वराज सिंह मेवाड़ ने राजतिलक की रस्म के 48 घंटे बाद मेवाड़ के शासक देवता एकलिंगजी मंदिर में दर्शन किए। हालांकि विश्वराज सिंह मेवाड़ अभी तक धूणी माता के दर्शन नहीं कर पाए हैं। उनके लिए अरविंद सिंह मेवाड़ व लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने सिटी पैलेस का दरवाजा नहीं खोला है।
उदयपुर के एकलिंगजी मंदिर में दर्शन के बाद शोक भंग की रस्म में उन्हें रंगीन पगड़ी पहनाई गई।अब विश्वराज सिंह अपने निवास पर परिवार के शोक भंग की रस्म को निभाएंगे। किसी भी विवाद से निपटने के लिए सिटी पैलेस के बाहर, समोर बाग के बाहर पुलिस के कड़े सुरक्षा इंतजाम है। सिटी पैलेस के आसपास तो धारा-163 (पहले 144) लागू है।

वहीं, मंगलवार को इस पूरे विवाद पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। विश्वराज सिंह मेवाड़ और लक्ष्यराज सिंह ने एक-दूसरे को सोमवार को हुई हिंसक झड़प के जिम्मेदार बताया। दोनों ने ही सरकार व जिला प्रशासन पर भी आरोप लगाए। लक्ष्यराज ने कहा कि सरकार में बैठे एक व्यक्ति के इशारे पर पूरा विवाद हो रहा है।
सिटी पैलेस उदयपुर विवाद टाइमलाइन
- 25 नवंबर को सुबह 11 बजे विश्वराज सिंह मेवाड़ का राजतिलक कार्यक्रम शुरू हुआ।
- दोपहर 3 बजे विश्वराज सिंह मेवाड़ अपने समर्थकों संग उदयपुर सिटी पैलेस में धूणी माता के दर्शन करने के लिए निकले।
- शाम 5 बजे विश्वराज सिंह मेवाड़ समर्थकों के साथ राजमहल उदयपुर पहुंचे।
- शाम 5.30 बजे उदयपुर के राजमहल पहुंचने से पहले ही समोर बाग के पास पुलिस से विवाद हो गया।
- शाम 6 बजे उदयपुर के जगदीश चौक पर पुलिस से बातचीत शुरू हुई।
- शाम 8 बजे विश्वराज सिंह मेवाड़ व उनके समर्थक फिर सिटी पैलेस उदयपुर की ओर बढ़े।
- शाम 8.10 बजे सिटी पैलेस का दरवाजा बंद मिला तो विश्वराज सिंह मेवाड़ समर्थकों के साथ वहीं पर धरने पर बैठ गए।
- रात 10.30 बजे सिटी पैलेस उदयपुर के दरवाजे के पास पथराव शुरू हो गया।
- रात 11 बजे उदयपुर पुलिस ने बीच में आकर पथराव रोका।
- रात 11.25 बजे प्रशासन ने सिटी पैलेस उदयपुर के बाहर नोटिस चस्पा किया। थानेदार को रिसीवर नियुक्त किया।
- रात 1 बजे उदयपुर जिला व पुलिस प्रशासन और पूर्व राजपरिवार के बीच फिर बातचीत हुई।
- रात 1.16 बजे विश्वराज सिंह मेवाड़ ने समर्थकों को संबोधित किया।
- रात 2 बजे विश्वराज सिंह मेवाड़ और समर्थक वहां से चले गए।












Click it and Unblock the Notifications