मौसम : राजस्थान में जानलेवा हुई सर्दी, बारां में दो किसानों की मौत, इस हाल में मिले दोनों के शव
बारां। राजस्थान के सर्दी सितम ढहाने लगी है। पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। चूरू और माउंट आबू समेत कई जगहों पर पारा जमाव बिन्दू के आस-पास रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं, बारां में सर्दी के कारण दो किसानों की मौत की खबर है। एक किसान की जान अलसुबह सिंचाई करते समय चली गई और दूसरा रात को खेत में सोया था, जो सुबह मृत मिला है।

बारां का पारा 6 डिग्री सेल्सियस
इन दिनों बारां जिले में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आस-पास है। घना कोहरा छाने के साथ-साथ शीतलहर का भी प्रकोप जारी है। रही सही कसर विद्युत निगम की ओर से किसानों को दी जा रही बिजली पूरी कर रही है। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली रात को उपलब्ध हो रही है, जिससे किसानों की जान पर बन रही है।

खेत में दोनों के शव
बारां जिले के अटरू पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि गांव कुंजेड़ में गेहूं की फसल की सिंचाई करते समय सर्दी लगने से बुधवार अलसुबह किसान चतुर्भुज गुर्जर की मृत्यु हो गई। उधर, बोहत में किसान रामरतन बैरवा मवेशियों से फसल बचाने के लिए मंगलवार रात को खेत में सोया था, जो सुबह मृत मिला। शुरुआती जांच में दोनों की मौत सर्दी की वजह से होना सामने आया है। वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच में चल सकेगा।

दिन में बिजली देने की मांग
बता दें कि बारां जिले में करीब 6 से 7 हजार किसान हैं, जो रात को फसलों की सिंचाई करने को मजबूर हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं बारां-अटरू विधायक पानाचंद मेघवाल ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री एवं सीएमडी विद्युत विभाग को पत्र लिखकर थ्री फेज बिजली की आपूर्ति रात की बजाय दिन में करवाए जाने की जाने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications