श्रीगंगानगर ट्रिपल मर्डर : दो बच्चों की मां से की दूसरी शादी, तीनों की कुल्हाड़ी से वार करके की हत्या
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ पुलिस थाना इलाके में ट्रिपल मर्डर की घटना हुई है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच के आधार पर मामला पर आपसी कलह का लग रहा है। वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर क्षेत्र का परिवार बीस दिन पहले चूनावढ़ पुलिस थाना इलाके के 21ML गांव आया था। वह यहां पर गांव के किसी जमींदार के खेत में काम करने लगा था।
गुरुवार सुबह घर पर गुरजीत कौर (30), लड़के गुरप्रीत सिंह (8) और लड़की लवप्रीत कौर (11) का शव चारपाई पर पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया और मामले की जांच शुरू की। घर से जसवीर गायब था। फिर पुलिस ने उसकी तलाश की और उसे हिरासत में लिया।

जांच अधिकारी चूनावढ़ एसएचओ परमेश्वर सुथार ने बताया कि आरोपी जसवीर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। आरोपी पदमपुर क्षेत्र के गांव दो एनएन का निवासी है। आरोपी की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। ऐसे में उसने विवाहिता गुरजीत कौर से दूसरी शादी कर ली। मृतका गुरजीत कौर मूल रूप से पंजाब के बरनाला जिले के बिल्ला टेलेवाला गांव की है। उसके दोनों बच्चे भी पहले पति से थे।












Click it and Unblock the Notifications