राजस्थान: 20 जिलों के 90 निकायों में पार्षदों के लिए आज हो रही वोटिंग, 9930 प्रत्याशी लड़ रहे चुनाव
Rajasthan municipal elections 2021 voting today, अजमेर। राजस्थान में अजमेर नगर निगम समेत 20 जिलों के 90 निकायों में पार्षदों के लिए आज सुबह 8 बजे से वोटिंग हो रही है। वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। इस दरम्यान राज्य के 30.28 लाख वोटर 9930 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव के नतीजे इसी माह के आखिरी दिन यानी कि 31 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। उसके बाद 2 फरवरी से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन होंगे और 7 को अध्यक्ष पद के लिए भी वोटिंग होगी।

राज्य निर्वाचन आयोग ने कोविड-19 गाइडलाइन की पालना करते हुए लोगों से वोट डालने की अपील की है। एक अधिकारी ने बताया कि, एक मतदान केंद्र पर 750 मतदाता ही वोट डालेंगे। पार्टियों के प्रदर्शन की बात की जाए तो पिछले चुनाव में इन 90 निकायों में से भाजपा ने 60, कांग्रेस ने 25 निकायों में जीत दर्ज की थी। हालांकि, बाकी 5 में निर्दलीयों को बहुमत मिला था।

इन निकायों में कुल 30,28,544 वोटर
जिन निकायों में वोटिंग आज हो रही है, वहां 15,47,974 पुरुष, 14,80,514 महिला और 56 अन्य वोटर शामिल हैं। आयोग द्वारा इस बार 3035 वार्डों के लिए 5253 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 8328 ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। निकाय चुनाव वाले 20 जिले अजमेर, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, नागौर, पाली, राजसमंद, सीकर, बांसवाड़ा, बीकानेर, भीलवाड़ा, बूंदी, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, चूरू, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, टोंक और उदयपुर हैं।

वोटरों की लगी ऐसी कतार
शहरी-स्थानीय निकायों के चुनावों में वोट डालने के लिए जगह-जगह बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। न्यूज एजेंसी ने राजस्थान में हो रहे चुनावों की तस्वीरें जारी की हैं। आप देख सकते हैं कि, सीकर में मतदान केंद्रों पर लोगों की कैसे कतार लग गईं।













Click it and Unblock the Notifications