भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर इंडियन आर्मी के बंकरों पर चोरों की नजर, गांव लुढ़ायत में बड़ा खुलासा
जैसलमेर। राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर के नाचना क्षेत्र के लुढ़ायत गांव के पास भारतीय सेना के जवानों की सुरक्षा के लिए कारगिल युद्ध 1999 के समय तनाव को देखते हुए बनाए गए बंकर अब चोरों के हत्थे चढ़ गए हैं।

सीमा के नजदीक तक पहुंच गए चोर
चोरों के हौसले इतने बुलंद कि सीमा के नजदीक तक पहुंच गए और पिछले कुछ दिनों से लगातार बंकर चोरी करने में जुटे हुए हैं। आखिरकार एक चरवाहे की सजगता और सीमावर्ती खारा गांव के युवाओं के साहस के चलते तीन चोरों को मौके से ही पकड़ कर पुलिस को सौंपा गया।

कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना ने बंकर बनाए थे
बता दें कि भारत-पाक सीमा से सटे जैसलमेर के लुढ़ायत गांव के पास सुथारवाला जाने वाली सड़क के किनारे रेत के टीलों पर कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना ने बंकर बनाए थे, जिससे जरूरत पड़ने पर भारतीय जवान इससे अपनी सुरक्षा कर सके, लेकिन इन बंकर पर हाल ही में कुछ चोरों की नजर पड़ गई और उन्होंने इसे चुरा लिया।

नोख थाना पुलिस मौके पर पहुंची
जैसलमेर पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल नोख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को दस्तायब किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वो 13 बंकर का सामान चाेरी कर चुके है। साथ ही 6 बंकर का सामान मौके पर खुला हुआ मिला है।

रात्रि गश्त और अधिक मुस्तैद की जाएगी
पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि कारगिल युद्ध के समय में यह बंकर बनाए गए थे। बाद में सेना ने यहाँ से मूवमेंट कर लिया और बंकर छोड़ दिए, जो रेगिस्तानी सुनसान इलाके में है, ऐसे में इन चोरों ने यहां पर चोरी की है। आगामी दिनों में इस तरह की घटना ना हो इसलिए क्षेत्र में रात्रि गश्त और अधिक मुस्तैद की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications