सूबेदार लेखराज : राखी बंधवाने घर आए 5 बहनों के फौजी भाई की मौत, लोडिंग टेम्पो ने ली जान
भरतपुर, 5 अगस्त। भाई-बहन के अटूट स्नेह का पर्व रक्षाबंधन 11 अगस्त 2022 को मनाया जाएगा। इस मौके पर अपने घर आए पांच बहनों के फौजी भाई की छह दिन पहले मौत हो गई। भाई की मौत से खुशियों के बीच मातम छा गया और पांचों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हर किसी को झकझोर देने वाला यह मामला राजस्थान के भरतपुर जिले के चिकसाना पुलिस थाना इलाके के दारापुर खुर्द का है।

जानकारी के अनुसार गांव दारापुर खुर्द निवासी 35 वर्षीय लेखराज 21 राजपूत बटालियन में सूबेदार के पद पर अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए 6 दिन पहले ही छुटि्टयां लेकर घर आए थे। ताकि अपनी पांचों बहनों से राखी बंधवा सके।
शुक्रवार दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर लेखराज अपने घर से बाइक पर सवार होकर रुपए निकलवाने के लिए निकले थे। गांव दारापुर खुर्द से बाहर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक लोडिंग टेम्पो ने लेखराज की बाइक को टक्कर मार दी। ग्रामीणों ने लोडिंग टेम्पो को मौके पर ही पकड़ लिया। फिर उसी टेम्पो में लेखराज को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में ले जाया गया।
बता दें कि भारतीय सेना के जवान लेखराज के एक छोटा भाई विष्णु है। पांच बहनों में से चार की शादी हो चुकी है। फौजी भाई लेखराज की तीसरे नंबर की बहन कमलेश तो उनसे मिलने के लिए पीहर आई हुई थी। बाकी की चार बहन मुखन, नीरज, कृपा व आशा भी रक्षाबंधन पर आने वाली थीं।
उल्लेखनीय है कि फौजी लेखराज के चार बच्चे हैं। इनकी शादी 15 साल पहले फतेहपुर सीकरी के गांव गुर्जर पूरा की रहने वाली पुष्पा से हुई थी। बड़ा बेटा अंकित कक्षा 4, छोटी बेटी अवस्थी दूसरी क्लास, तीसरे नंबर की बेटी पारो UKG में पढ़ती है। चौथे नंबर पर अंशु उम्र 3 साल है।












Click it and Unblock the Notifications