राजस्थान: स्कूल में रुपए गुम हुए तो शिक्षकों ने उतरवा दिए छात्राओं के कपड़े
Sikar News, सीकर। राजस्थान के एक सरकारी स्कूल में हर किसी को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। इसके बाद ग्रामीणों का खून खौल उठा और उन्होंने स्कूल पहुंचकर बवाल मचा दिया। मामले के अनुसार सीकर जिले की राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल कुंडली में एक छात्रा से रुपए खोने पर कक्षा 10 और 11 के बच्चों को निर्वस्त्र कर तलाशी लेने का मामला सामने आया है।

घटना की जानकारी पर आक्रोशित ग्रामीण गुरुवार को स्कूल पहुंच गए और दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल स्टाफ ने छात्रों के साथ छात्राओं के भी कपड़े खुलवाकर तलाशी ली। इसका आरोप शिक्षक कुंभाराम पर लगाया गया है। वहीं, सूचना पर शिक्षा अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और काफी देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की समझाइश कर मामला शांत कराया।
बता दें कि राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल कुड़ली में कुछ दिनों बाद विदाई समारोह होना था, जिसके लिए कक्षा 11 की एक छात्रा बच्चों से रुपए एकत्रित करने का काम कर रही थी। उन्हीं रुपयों में से बुधवार को एक हजार रुपए कम हो गए। जिस पर छात्रा ने जब शिक्षक को बताया तो स्टाफ के कुछ लोगों ने कक्षा 10 और 11 के सभी बच्चों की तलाशी लेना शुरू कर दिया।
आरोप है कि तलाशी के दौरान ही शिक्षक कुंभाराम और अन्य स्टाफ ने बच्चों को निर्वस्त्र कर तलाशी ली। जिसमें छात्र के साथ छात्राएं भी शामिल रही। इसकी जानकारी जब बच्चों ने घर-परिवार में दी तो बात पूरे गांव में फैल गई। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीण आज स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने पहले तो स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया बाद में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्कूल के अंदर भी धरना दिया। घटना की जानकारी पर शिक्षा विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। जिन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।












Click it and Unblock the Notifications