मुंह दिखाई की रस्म में दुल्हन को सिक्कों से तौला, सास बोलीं-'बेटी घर की शक्ति तो बहू लक्ष्मी', देखें VIDEO
झुंझुनूं, 21 फरवरी। बाबुल के घर से विदा होकर ससुराल में पहला कदम रखना किसी दुल्हन के लिए सबसे यादगार पलों में से एक होता है। इस दिन की याद में चार चांद तो तब लग जाते हैं जब दुल्हन का अनूठे अंदाज में वेलकम किया जाता हो।
Recommended Video

महती की ढाणी, मंड्रेला झुंझुनूं
ऐसा ही मामला राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंड्रेला कस्बे के पास स्थित महती की ढाणी में सामने आया है। यहां पर बहू की मुंह दिखाई की रस्म में सास ने नई नवेली दुल्हन को सिक्कों से तौल दिया। दुल्हन के इस अनूठे वेलकम की हर तरफ सराहना हो रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है।

सूबेदार हवासिंह धायल के बेटे की शादी
दरअसल, महती की ढाणी के सूबेदार हवासिंह धायल के बेटे मनीष धायल का शुक्रवार को विवाह हुआ। बारात कोलिंडा का बास गई। यहां पर गोरधन महला की बेटी पूनम से मनीष की शादी हुई।

शनिवार को हुई मुंह दिखाई की रस्म
सात फेरों के बाद पूनम शनिवार तड़के ससुराल के लिए विदा हुई। पूनम पहली बार ससुराल पहुंची तो मुंह दिखाई की रस्म हुई। इसमें उसकी सास कविता धायल ने बहू पूनम को सिक्कों से तौला।

60 किलोग्राम सिक्के तौले
घर में फूल मालाओं से सजा एक 'कांटा' (तौल करने वाला) लगाया गया। उसमें एक तरफ सिक्के रखे गए और दूसरे ओर दुल्हन पूनम को बैठा दिया गया। पूनम के वजन 60 किलोग्राम के बराबर सिक्के तौले गए।
समाज को देना चाहा संदेश
मीडिया से बातचीत में पूनम की सास कविता ने बताया कि समाज इतनी तरक्की करने के बावजूद बहू-बेटियों को लेकर अपनी सोच नहीं बदल रहा। समाज को संदेश देने के लिए उन्होंने बहू को सिक्कों से तौला है।
बहू होती है घर की लक्ष्मी
कविता कहती हैं कि बेटी घर की शक्ति होती है और बहू घर की लक्ष्मी। इन दोनों के ही बिना घर में खुशियां संभव नहीं है। इसीलिए बेटे मनीष की शादी में बहू को सिक्कों से तौलकर अनूठे अंदाज में उसका स्वागत किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications