Rajasthan: भीषण गर्मी में आसमां से बरसी आफत, कहीं बारिश-ओले तो कहीं जीजा-साली समेत 3 की मौत
Rajasthan Weather: आखातीज के मौके पर राजस्थान का मौसम पलटी मार गया। कई जगहों पर आसमां से आफत बरसी। झुंझुनूं के सूरजगढ़ में ओलो की चादर बिछ गई जबकि बूंदी में आकाशीय बिजली गिरने के कारण जीजा-साली समेत 3 की मौत की खबर है।
राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच बारिश होने और 40 किलोमीटर की गति से हवाएं चलने के कारण तापमान के तेवर थोड़े तीखे जरूर हुए, मगर दो शहरों में 45 डिग्री के ऊपर रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले सात जिलों में तापमान 45 से अधिक था।

झुंझुनूं के सूरजगढ़ में गिरे ओले
शुक्रवार शाम को उदयपुर, बीकानेर दौसा, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ समेत कई शहरों में बारिश हुई। झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ की मैदाराम की ढाणी में ओलों की चादर बिछी है। इन इलाकों में दोपहर बाद 30-40 किलोमीटर की गति से तेज अंधड़ भी चला है।
बूंदी में आकाशीय बिजली से तीन की मौत
उधर, बूंदी में शुक्रवार रात को जमकर बारिश हुई है। बूंदी की ग्राम पंचायत धभाइयों का नयागांव के रघुनाथपुरा गांव में एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। ये लोग मकान में सो रहे थे। आकाशीय बिजली गिरने से यहां पर जीजा-साली और साली की बेटी की मौत हो गई।

बूंदी दबलाना एसएचओ मनोज सिकरवार ने बताया कि रघुनाथपुरा निवासी करमा बाई (30), दिव्या गुर्जर (3) व बाबूलाल गुर्जर (45) की मौत हो गई। हीरा बाई समेत तीन लोग घायल हो गए। यह परिवार शादी में रघुनाथपुरा आया हुआ था।
ये लोग मकान में सोए हुए थे। अचानक तेज अंधड़ आने के कारण मकान की 15 से 11 पट्टियां टूट गईं। बाबूलाल, करमा बाई व दिव्या मलबे के नीचे दब गए। उन्हें बाहर निकाला तब तक मौत हो चुकी थी।

राजस्थान में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर इलाके में आज बारिश हो सकती है। 40-50 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में 13 मई तक बदलाव रहेगा। इसी दौरान राजस्थान में हीटवेव का भी अलर्ट है।












Click it and Unblock the Notifications