Rajasthan Weather: मानसून की विदाई के बाद झमाझम बारिश ने दी किसानों को टेंशन, इन 12 जिलों में येलो अलर्ट
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून जा चुका है, लेकिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में फुहारों का बरसना जारी है। पिछले तीन दिनों से जयपुर में लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, पिछले एक सप्ताह से हो रही बारिश का असर अब किसानों की फसल पर भी पड़ सकता है। खेतों में पानी अगर ज्यादा मात्रा में जमा हो गया, तो खरीफ की फसल खराब हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में अलवर, धौलपुर, करौली, नागौर और जोधपुर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। अलवर में 5 मिमी, गोविंदगढ़ में 4 मिमी, धौलपुर के राजाखेड़ा में 5 मिमी, करौली में 6 मिमी, नागौर में 2.5 मिमी और जोधपुर में 1.4 मिमी बारिश हुई। जयपुर, दौसा, गंगानगर और बीकानेर में भी हल्की बूंदाबांदी देखी गई।

Rajasthan Weather: 6 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 3 अक्टूबर को बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, उदयपुर, भीलवाड़ा, राजसमंद और सिरोही जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी (IMD) ने 6 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 5 और 6 अक्टूबर को बीकानेर और जोधपुर संभाग में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री दर्ज हुआ। चूरू, बीकानेर और जैसलमेर में 36 डिग्री, जोधपुर 33.9 डिग्री, बाड़मेर 35.4 डिग्री, पिलानी 35.8 डिग्री, सीकर 33.5 डिग्री, कोटा 33.8 डिग्री, अलवर 35 डिग्री, उदयपुर 31.6 डिग्री और जयपुर में 32 डिग्री दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: Rajasthan Weather: दशहरे तक राजस्थान में होगी आफत की बारिश, 23 जिलों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट
IMD ने बताया बिन मौसम बरसात की वजह
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अरब सागर में गुजरात तट के पास कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके अलावा, पूर्वोत्तर राजस्थान में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से गुजरती एक ट्रफ लाइन भी राज्य में नमी खींच रही है, जिसके चलते लगातार बारिश हो रही है। आईएमडी के मुताबिक बारिश का यह दौर लंबा नहीं चलेगा और अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में बारिश की आशंका कम ही है।
यह भी पढ़ें: Rajasthan Cough Syrup Deaths: सरकारी अस्पताल में मिला कफ सिरप बना काल, 9 मासूमों की हुई मौत












Click it and Unblock the Notifications