Rajasthan News: मौत के बाद भी जिंदगी दे गए शिक्षक सेवाराम, अंगदान से दो लोगों को मिला जीवन
कुछ लोग दुनिया से रुखसत होकर भी अपने पीछे इंसानियत की ऐसी मिसाल छोड़ जाते हैं, जो हमेशा याद रखी जाती है। ऐसे ही शख्स थे राजस्थान में 48 वर्षीय टीचर सेवाराम प्रजापति। ब्रेन डेड घोषित किए गए इस शिक्षक के अंगदान से दो मरीजों को नई जिंदगी मिली। इनकी एक किडनी जोधपुर एम्स तो दूसरी जयपुर के एसएमएस अस्पताल के मरीज को ट्रांसप्लांट हुई है।
दरअसल, राजस्थान के जोधपुर के झालामंड महादेव कॉलोनी निवासी निजी स्कूल संचालक व टीचर सेवाराम प्रजापति का 29 जुलाई 2025 को एक्सीडेंट हो गया था। सड़क हादसे में सेवाराम को गंभीर चोटें आईं। उनका जोधपुर एम्स में इलाज चला। यहां पर उनको एम्स की ब्रेन डेथ कमेटी ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया।

जोधपुर से जयपुर के दूरी 334 किमी
सेवाराम प्रजापति को ब्रेन डेड घोषित करने के बाद परिजनों ने उनके अंगदान का फैसला लिया और परिजनों ने उनकी दोनों किडनी दान कर दी। एक किडनी राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती मरीज और दूसरी किडनी को जोधपुर के एम्स में एक मरीज के प्रत्यारोपित की गई। जोधपुर से जयपुर की दूरी 334 किलोमीटर है। एक किडनी को समय पर सुरक्षित जयपुर पहुंचाना बड़ी चुनौती थी। ऐसे में यातायात पुलिस ने जयपुर से जोधपुर के बीच ग्रीन कॉरिडोर बनाया। साथ ही अस्पताल प्रशासन का भी शानदार सहयोग रहा।
मोटरसाइकिल ने मारी थी टक्कर
बता दें कि सेवाराम प्रजापति जोधपुर ट्यूशन भी पढ़ाया करते थे। 29 जुलाई को झालामंड रोड पर एक बाइक ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और एक पैर भी टूट गया। वे अपने बेटे के लिए दवा लेकर आ रहे थे। 2 घंटे बाद में कोमा में चले गए थे। इसी वजह से डॉक्टरों ने उनको ब्रेन डेड घोषित किया। कुछ दिन तो परिजन सेवाराम के होश में आने का इंतजार करते रहे। फिर उम्मीद नहीं बची तो डॉक्टरों की टीम ने काउंसलिंग की और परिजनों को अंगदान के लिए राजी की।
ब्रेन डेड क्या होता है?
जब किसी व्यक्ति का दिमाग हमेशा के लिए काम करना बंद कर देता है, तो उसे ब्रेन डेड (Brain Dead) कहा जाता है। ऐसे व्यक्ति का दिल और शरीर मशीनों की मदद से कुछ समय तक चल सकता है, लेकिन वे कभी होश में नहीं आ सकते। ब्रेन डेड को मेडिकल साइंस में मृत्यु ही माना जाता है, और ऐसे मामलों में अंगदान संभव होता है, जिससे दूसरे मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।













Click it and Unblock the Notifications