IPS मनीष कुमार को मिली डूंगरपुर SP की जिम्मेदारी, पत्नी IAS रिया डाबी से बढ़ गई पोस्टिंग की दूरी
IAS Ria Dabi Husband IPS Manish Kumar: भारतीय प्रशासनिक सेवा की सबसे चर्चित आईएएस टीना डाबी के परिवार में खुशखबरी आई है। गुड न्यूज इस बात की कि टीना डाबी की छोटी बहन आईएएस रिया डाबी के पति आईपीएस मनीष कुमार को पुलिस अधीक्षक (SP) पद पर नियुक्त किया गया है। साथ ही अब रिया डाबी और मनीष कुमार के बीच पोस्टिंग का फासला पहले की तुलना में बढ़ गया है।
दरअसल, पिछले दिनों राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने करीब 19 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए थे। आईपीएस मनीष कुमार को डूंगरपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पद पर तैनात किया गया है, जहां उन्होंने 23 जुलाई 2025 को कार्यभार ग्रहण कर लिया।

रिया डाबी के पति मनीष बने डूंगरपुर SP
डूंगरपुर पुलिस अधीक्षक पद पर ट्रांसफर होने से पहले आईपीएस मनीष कुमार राजस्थान में उदयपुर के मावली सर्किल में एएसपी पद पर कार्यरत थे। वहीं, आईपीएस मनीष कुमार की पत्नी आईएएस रिया डाबी की तैनाती भी उदयपुर में जिला परिषद सीईओ पद पर थी। वर्तमान में भी वहीं पर कार्यरत हैं।
पहले उदयपुर-मावली में थी पास-पास पोस्टिंग
आईपीएस मनीष कुमार के मावली व आईएएस रिया डाबी की उदयपुर में पोस्टिंग होने के कारण दोनों पति-पत्नी की पोस्टिंग के बीच महज 40 किलोमीटर की दूरी थी। मतलब कार से मात्र 55 मिनट का सफर था। अब डूंगरपुर स्थानांतरण के बाद दंपती की पोस्टिंग के बीच की दूरी बढ़कर लगभग 105 किलोमीटर हो गई है, जो सड़क मार्ग से दो घंटे का सफर है।
रिया डाबी-मनीष कुमार की शादी
IAS रिया डाबी और IPS मनीष कुमार दिल्ली के ही रहने वाले हैं। दोनों ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2020 में सफलता हासिल की थी। रिया डाबी को राजस्थान व मनीष कुमार को महाराष्ट्र कैडर अलॉट हुआ था। फिर अप्रैल 2023 में दोनों ने गुपचुप तरीके से कोर्ट मैरिज की थी। रिया डाबी से विवाह के आधार पर मनीष कुमार को 16 जून 2023 को महाराष्ट्र से राजस्थान कैडर में अंतर-कैडर ट्रांसफर मिला। दोनों ने 24 फरवरी 2024 को जयपुर के मैरियट होटल में रिसेप्शन का आयोजन किया गया था।
रिया डाबी व मनीष कुमार का जन्म व रैंक
रिया डाबी का जन्म 12 जुलाई 1998 को हुआ था और इन्होंने यूपीएससी 2020 में पहले प्रयास में अखिल भारतीय स्तर पर 15वीं रैंक हासिल की थी। वहीं, आईपीएस मनीष कुमार का जन्म 2 अक्टूबर 1994 को हुआ। इन्होंने भी यूपीएससी 2020 में 581वीं रैंक हासिल की थी।
ट्रेनिंग के बाद उदयपुर में पोस्टिंग
LBSNAA, मसूरी व SVPNPA हैदराबाद और फील्ड ट्रेनिंग के बाद दोनों को पहली पोस्टिंग उदयपुर जिले में मिली थी। रिया डाबी को उदयपुर के गिर्वा में एसडीएम बनाया गया जबकि मनीष कुमार मावली में एएसपी। जनवरी 2025 डाबी को गिर्वा से उदयपुर जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद पर तैनात किया गया और मनीष कुमार को अब जुलाई 2025 में डूंगरपुर एसपी पर तैनाती मिली है।
बहन टीना डाबी बाड़मेर व जीजा जालौर में DM
रिया डाबी की बड़ी बहन व यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2015 की टॉपर आईएएस टीना डाबी वर्तमान में बाड़मेर जिला कलेक्टर पद पर कार्यरत हैं जबकि टीना डाबी के पति आईएएस प्रदीप गवांडे जालौर जिला कलेक्टर हैं। जालौर और बाड़मेर पड़ोसी जिले हैं, इनके बीच दूरी 157 किलोमीटर है।












Click it and Unblock the Notifications