Rajasthan School Closed: झालावाड़ स्कूल हादसा व भारी बारिश के कारण स्कूलों की छुट्टी, जानें कहां-कब अवकाश?
राजस्थान झालावाड़ जिले के मनोहरथाना क्षेत्र स्थित पिपलोदी गांव में सरकारी स्कूल भवन ढहने से 7 बच्चों की मौत हो गई। साथ ही, मानसून के फिर से सक्रिय होने के चलते राज्य सरकार ने एहतियातन कदम उठाए हैं। कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी का फैसला लिया है। सबसे ज्यादा लंबा अवकाश झालावाड़ जिले में किया गया है।
झालावाड़ जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की ओर से 27 जुलाई 2025 को जारी आदेश में कहा गया है कि 25 जुलाई 2025 को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपलोदी में विद्यालय भवन के कक्षा-कक्ष गिरने से हुई दुर्घटना को देखते हुए विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाना अति आवश्यक है।
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अध्याय 4 की धारा 30 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए झालावाड़ में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों की 28 जुलाई से 2 अगस्त तक अवकाश घोषित किया है। इस अवधि में यदि कोई विद्यालय संचालन करता पाया गया, तो संबंधित संस्था प्रमुख के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उधर, बांसवाड़ा, बारां, कोटा, टोंक, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और डूंगरपुर में 28 व 29 जुलाई को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, धौलपुर में 28 व 30 जुलाई व अजमेर में 28 जुलाई को स्कूलों की छुट्टी की गई है।
राजस्थान मौसम अपडेट
राजस्थान में सावन के बदरा झूमकर बरस रहे हैं। मौसम विभाग ने 28 जुलाई से प्रदेश के छह संभाग में आगामी तीन दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश के ऊपर तंत्र कमजोर होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने से कोटा, जोधपुर, भरतपुर, जयपुर व उदयपुर संभाग में रविवार को जोरदार बारिश हुई है। बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में 5.4 इंच पानी बरसा है।
बीसलपुर बांध के 6 गेट खोलने पड़े
राजस्थान में हुई रिकॉर्डतोड़ बारिश से टोंक जिले में स्थित बीसलपुर बांध ने इतिहास रच दिया। इस मानसून में यह पहली बार हुआ है कि बीसलपुर बांध के गेट जुलाई में ही खोलने पड़े हों। 24 जुलाई को पहला गेट खोला गया था। इसके बाद भी बांध के कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश होने से अब 5 गेट और खोल दिए गए हैं, जिनसे 72120 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 जुलाई को जयपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर संभाग भारी बारिश और 29 व 30 जुलाई को जयपुर, भरतपुर, अजमेर व बीकानेर संभाग में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी कर रखा है।













Click it and Unblock the Notifications