Rajasthan News: रियान और मुस्कान दोनों मुसलमान, परिवार शादी से खुश लेकिन पंचायत ने किया हुक्का-पानी बंद?
Rajasthan News: राजस्थान के नागौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पंचायत ने दो परिवारों का हुक्का-पानी बंद कर दिया है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि हमारे बच्चों (रियान और मुस्कार) ने परिवार की मर्जी और सहमति से शादी की है। इसके बावजूद पंचायत के कुछ लोगों ने इसके खिलाफ माहौल बनाया। पंचायत ने हुक्का-पानी बंद करने के साथ ही तीन साल के लिए गांव से निष्कासन का ऐलान भी कर दिया है। यह मामला नागौर सदर थाना क्षेत्र के बासनी गांव का है।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, अल्लाहबख्श नाम के ग्रामीण के बेटे रियान और गांव की रहने वाली इकबाल की बेटी गुलनार ने कुछ दिन पहले ही शादी की थी। दोनों की यह शादी परिवार की सहमति से हुई थी। इसके बावजूद गांव की पंचायत ने रिश्ते पर आपत्ति जताते हुए परिवार को गांव-निकाला दे दिया है।

Rajasthan News: पंचायत ने सुनाया बहिष्कार का आदेश
पीड़ित परिवार का आरोप है कि 30 दिसंबर की रात सदर बाजार में पंचायत की बैठक हुई थी। इसमें सोसायटी के अध्यक्ष हबीबुर्रहमान, उपाध्यक्ष सलीम और सचिव लियाकत सहित अन्य लोगों ने फैसला लिया कि दोनों परिवारों से कोई ग्रामीण बातचीत नहीं करेगा। पंचायत ने यह भी फरमान दिया कि इन दो परिवारों को राशन और बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिलनी चाहिए।
रियान के पिता का कहना है कि पंचायत ने ग्रामीणों के अंदर डर बनाने के लिए गांव भर में इसका ऐलान कराया। उन्होंने कहा, '1 जनवरी को गांव में टैक्सी पर लाउडस्पीकर लगाकर इस सामाजिक बहिष्कार की मुनादी करवाई गई। गांव के पास ही हमारी इलेक्ट्रॉनिक दुकान थी, जिसे जबरन बंद कराया गया है।'
Rajasthan News: परिवार ने की सुरक्षा देने की मांग
दूल्हे के पिता अल्लाहबख्श ने आरोप लगाया है कि पंचायत से जुड़े लोग उनकी जमीन और मकान हड़पना चाहते हैं। उन्हें धमकी दी गई कि यदि दो दिन में गांव नहीं छोड़ा गया तो बेटे-बहू को बकरे की तरह हलाल कर दिया जाएगा। पीड़ित परिवार की शिकायत पर नागौर सदर थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
पुलिस ने बीएनएस की धारा 308(4), 356(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवार ने जान-माल के खतरे का हवाला देकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।












Click it and Unblock the Notifications