Rajasthan News: खाटू श्याम पर लॉरेंस बिश्नोई की नजर! कोषाध्यक्ष के बेटे से ₹3 करोड़ की रंगदारी मांगी
Rajasthan News Khatu Shyam Temple: दुनियाभर में श्याम भक्तों की गहरी आस्था से जुड़े खाटू श्यामजी मंदिर ट्रस्ट पर अब खतरनाक लॉरेंस बिश्नोई गैंग की नजर है। इस मंदिर को देश-दुनिया के भक्तों से चढ़ावा और दान मिलता है। मंदिर के पूर्व कोषाध्यक्ष के बेटे को इंटरनेशनल नंबर से धमकी भरा कॉल आया है। कुख्यात गैंग के नाम पर रंगदारी की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। खाटू श्याम मंदिर समिति के पूर्व कोषाध्यक्ष कालू सिंह के पुत्र मानवेंद्र सिंह चौहान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रंगदारी की कॉल करनेवाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया और तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इतना ही नहीं यह भी धमकी दी है कि अगर समय पर पैसे नहीं दिए, तो खतरनाक अंजाम भुगतना पड़ सकता है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है।

Rajasthan News: विदेशी नंबर से मिली धमकी भरी कॉल
पीड़ित का कहना है कि कॉलर का लहजा और अंदाज बेहद आक्रामक था। उसने खुद को खतरनाक गैंग से जुड़ा हुआ बताया और परिवार के सदस्यों की डिटेल भी शेयर की। पीड़ित का कहना है कि कॉलर ने परिवार के सदस्यों की रुटीन और आने-जाने की डिटेल की निगरानी की भी बात कही थी। बदमाश ने धमकी देते हुए कहा कि उसकी बात को हल्के में न ले। वह पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
Khatu Shyam Temple Threat: सीकर में बढ़ रही रंगदारी की धमकियां
- पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बीते एक साल में सीकर जिले में 10 से ज्यादा लोगों को इसी तरह की रंगदारी की धमकियां मिल चुकी हैं।
- अधिकतर मामलों में बदमाश विदेशी नंबरों या सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए खुद को बड़े गैंग से जुड़ा बताकर डराने की कोशिश करते हैं।
- पुलिस का मानना है कि कई मामलों में यह साइबर अपराधी या स्थानीय बदमाश हो सकते हैं। शरारत के लिए कुख्यात गैंग के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को भयभीत करने की कोशिश भी हो सकती है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमने केस दर्ज कर लिया है और मामले की पड़ताल चल रही है। तकनीकी साक्ष्य और संभावित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की धमकी भरी कॉल या संदिग्ध संदेश मिलने पर घबराएं नहीं। ऐसी किसी भी कॉल पर साइबर सेल और पुलिस को सूचना दें। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या सिर्फ नाम का गलत इस्तेमाल कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications