Rajasthan: 6 मरीजों की मौत का जिम्मेदार कौन? SMS अस्पताल के ICU वार्ड में लगी आग, CM ने दिए जांच के आदेश
SMS Hospital Jaipur, Rajasthan: राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल में सोमवार तड़के एक दुखद घटना घटित घटी। यहां के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में भीषण आग लग गई, जिसमें छह मरीजों की जान चली गई और कई घायल हो गए हैं, आपको बता दें कि मृतकों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा वार्ड जहरीले धुएं से भर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने अस्पताल परिसर पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट (SMS Hospital Jaipur)
ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ के अनुसार, आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की घटना पर जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने कहा, 'हमारी एफएसएल टीम की जांच आग लगने के कारणों का पता चलेगा। पहली नज़र में, यह शॉर्ट सर्किट लग रहा है लेकिन अंतिम कारण एफएसएल जांच के बाद ही पता चलेगा। 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लोगों को दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सब कुछ ठीक होने के बाद, शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।'
5 मरीज अभी भी गंभीर हैं (SMS Hospital Jaipur)
तो वहीं एसएमएस अस्पताल ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज अनुराग धाकड़ ने कहा कि 'हमारे ट्रॉमा सेंटर में दूसरी मंजिल पर दो आईसीयू हैं एक ट्रॉमा आईसीयू और एक सेमी-आईसीयू। हमारे वहां 24 मरीज थे 11 ट्रॉमा आईसीयू में और 13 सेमी-आईसीयू में। ट्रॉमा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेज़ी से फैल गई, जिससे ज़हरीली गैसें निकलीं। ज़्यादातर गंभीर मरीज़ बेहोशी की हालत में थे। हमारी ट्रॉमा सेंटर टीम, हमारे नर्सिंग ऑफिसर और वार्ड बॉय ने तुरंत उन्हें ट्रॉलियों पर लादकर बचाया और जितने मरीज़ों को हम आईसीयू से बाहर निकाल पाए, उन्हें दूसरी जगह ले गए। उनमें से छह मरीज़ बहुत गंभीर थे; हमने उन्हें सीपीआर से होश में लाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका...5 मरीज अभी भी गंभीर हैं... हमने 24 लोगों को निकाला,11 ट्रॉमा आईसीयू में और 13 बगल वाले आईसीयू में।'
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे घटना स्थल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा, 'शॉर्ट सर्किट के कारण आईसीयू में आग लगने की सूचना के बाद मुख्यमंत्री यहां आए हैं। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।कुछ लोगों की जान चली गई है। एसएमएस प्रशासन हताहतों की संख्या जारी करेगा। 24 में से अधिकांश को बचा लिया गया है। उनका पूरा इलाज हमारी प्राथमिकता है।'
समिति की अध्यक्षता आयुक्त इकबाल खान करेंगे (SMS Hospital Jaipur)
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए एक समिति की घोषणा की गई है। समिति की अध्यक्षता चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त इकबाल खान करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications